ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एसकेए ग्रीन आर्च सोसाइटी परिसर में आज यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और एओए के सहयोग से ग्रीनआर्च हेल्थ एंड वेलनेस केयर सेंटर की स्थापना की गई। कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञ और मंत्रोच्चार के साथ हुई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री एल. एन. झा (एसकेए बिल्डर) ने मेडिकल रूम को और बेहतर बनाने के लिए कुछ मेडिकल उपकरण दान स्वरूप सोसाइटी को उपलब्ध कराए। उनके इस योगदान की सराहना करते हुए सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री झा का यह कदम न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा बल्कि समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।
सोसाइटी के प्रेसीडेंट श्री एस. के. मेहता ने कहा कि श्री एल. एन. झा का सहयोग सोसाइटी के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत है और यह दर्शाता है कि बिल्डर और निवासियों के बीच सकारात्मक संबंध समाज को और मजबूत बनाते हैं। सोसाइटी मे वेलनेस केयर सेंटर की सफलता पूर्वक स्थापना के लिए मैं श्री एल. एन. झा, यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, एओए टीम के सभी सदस्यों एवं समस्त रेजिडेंट्स का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
सेक्रेटरी श्री प्रेम तिवारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि यह हेल्थ एंड वेलनेस केयर सेंटर सोसाइटी के प्रत्येक निवासी के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं तुरंत उपलब्ध हो सकेंगी और दैनिक स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए भी एक भरोसेमंद व्यवस्था बनेगी। उन्होंने सभी निवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और इसे सफल बनाने में सहयोग करें।
सोसाइटी के निवासी श्री विष्णु ओमर ने कहा कि मेडिकल रूम का खुलना सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि सुरक्षा, सहारा और विश्वास का प्रतीक है। यह वह जगह है जहाँ जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिलेगी और हर उम्र के लोग खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे।
इस कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण यादव (सीनियर कंसल्टेंट, कार्डियोलॉजी), सम्पूर्ण एओए कार्यकारिणी, सोसाइटी की मातृ शक्ति एवं वरिष्ठ जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि यह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सोसाइटी के हर निवासी के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और विश्वास का आधार बनेगा।

