चंडीगढ़। हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि अगले तीन दिनों तक इन राज्यों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। IMD चंडीगढ़ के निदेशक सुरिंदर पॉल ने बताया कि पंजाब के फिरोजपुर, फाजिल्का, बठिंडा, मुक्तसर, मानसा और संगरूर जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। वहीं, राजस्थान से सटे हरियाणा के कई जिलों में भी लू जैसी स्थिति बनी हुई है, जहां गर्म हवाएं और झुलसाने वाली धूप लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें और दिन के सबसे गर्म हिस्से में बाहर निकलने से बचें। साथ ही, पानी का अधिक सेवन करें और खुले में काम करने से परहेज करें।

