वाराणसी : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 24 जून को वाराणसी में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक गृह मंत्रालय के अधीन अंतर्राज्य परिषद सचिवालय द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित की जा रही है। बैठक में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, प्रत्येक राज्य से दो वरिष्ठ मंत्री, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। परिषद का उद्देश्य राज्यों और केंद्र सरकार के बीच सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देना है।
राज्यों के आपसी हितों से जुड़े मुद्दों जैसे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाएं, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी नियोजन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्रीय परिषदें सहकारी संघवाद को सशक्त बनाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में समझ और सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बन चुकी हैं।

