जयपुर। हेल्थकेयर क्षेत्र में सहयोग और नवाचार को गति देने के लिए ‘आईआईएचएमआर स्टार्टअप्स’ 27 मार्च को जयपुर में ‘हेल्थएक्सचेंज–केयर इनोवेशन समिट’ आयोजित करेगा। इस समिट में अस्पतालों, हेल्थटेक स्टार्टअप्स, निवेशकों, सरकारी प्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थानों के हितधारकों को एक मंच पर लाया जाएगा, ताकि हेल्थकेयर क्षेत्र में सहयोग और नवाचार को बढ़ावा मिल सके।
यह समिट हेल्थकेयर इनोवेशन की एक बड़ी चुनौती—बेहतरीन समाधानों और उनके अस्पतालों में वास्तविक उपयोग के बीच की दूरी—को कम करने पर केंद्रित है। इसके माध्यम से निर्णयकर्ता और समाधान प्रदाता सीधे संवाद कर सकेंगे, जिससे बातचीत को ठोस और परिणाम आधारित साझेदारी में बदला जा सकेगा।
समिट की प्रमुख खासियत 30 चयनित स्टार्टअप्स की भागीदारी होगी।, जो 50 से अधिक अस्पतालों, कॉरपोरेट्स, सरकारी प्रतिनिधियों और हेल्थकेयर लीडर्स के साथ विशेष संवाद सत्रों में भाग लेंगे। इससे व्यावसायिक सहयोग, पायलट प्रोजेक्ट्स और जमीनी स्तर पर समाधान लागू करने के नए अवसर बनेंगे। यह फॉर्मेट तेज निर्णय लेने और परिणाम आधारित साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्तव्य के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित हेल्थकेयर, डिजिटल बदलाव और सीएसआर से जुड़ी पहल पर पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा स्टार्टअप शोकेस और विशेष नेटवर्किंग सत्र भी होंगे, जहां स्टार्टअप्स, अस्पतालों और निवेशकों के बीच सीधा संवाद संभव होगा।
आईआईएचएमआर यूनिवर्सिटी के प्रेजिडेंट और आईआईएचएमआर फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ.पी.आर.सोडानी ने कहा कि ‘हेल्थएक्सचेंज ऐसा मंच है, जहां नवाचार को वास्तविक रूप देने के लिए हेल्थकेयर क्षेत्र के विभिन्न पक्ष एक साथ आते हैं और सार्थक सहयोग को बढ़ावा मिलता है।’

