पटना। बिहार में चल रही INDIA गठबंधन की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ अपने अंतिम चरण में सोमवार को पटना पहुंची। यात्रा के इस अहम पड़ाव पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे हमले बोले।
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में NCP, कांग्रेस और शिवसेना से चुनाव को चोरी किया गया था। तकरीबन 1 करोड़ नए मतदाता लोकसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची में जोड़े जाते हैं। हमारे गठबंधन को जितने मत लोकसभा चुनाव में मिले उतने ही विधानसभा में मिले, लेकिन सारे के सारे नए मत भाजपा के खाते में गए। क्यों? क्योंकि चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर वोट चोरी की।” उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वोट चोरी का मतलब है—अधिकारों, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा, लोकतंत्र और युवाओं के भविष्य की चोरी।
बिहार के युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी केवल एक राजनीतिक खेल नहीं, बल्कि यह अधिकारों, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा, लोकतंत्र और युवाओं के भविष्य की चोरी है। कांग्रेस नेता ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने मताधिकार की रक्षा के लिए सजग रहें और लोकतंत्र की लड़ाई में आगे आएं।
वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “बिहार में जो सरकार चल रही है, यह डबल इंजन की सरकार है, जिसका एक इंजन अपराध और दूसरा भ्रष्टाचार में लगा हुआ है। आप लोगों को अपने मताधिकार की रक्षा करनी है। बड़ी चालाकी से फर्जी मतदाताओं का नाम भी जोड़ा जा रहा है। बिहार में गड़बड़ करने वाले लोगों को हमें मुंहतोड़ जवाब देना है।”
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि पटना में हुई इस सभा से INDIA गठबंधन ने साफ संदेश दिया है कि वह वोटरों को संगठित कर भाजपा और एनडीए के खिलाफ मजबूत चुनावी माहौल बनाने की कोशिश में है।

