रणवीर सिंह
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय शूटिंग सीजन के चौथे और अंतिम आईएसएसएफ वर्ल्ड कप शॉटगन चरण की शुरुआत रविवार, 06 जुलाई से इटली के लोनाटो स्थित प्रतिष्ठित ट्रैप कोंकावर्डे शूटिंग रेंज में होने जा रही है। इस मुकाबले में भारत की छह सदस्यीय पुरुष और महिला स्कीट शूटिंग टीम सबसे पहले निशाना साधेगी। स्कीट टीम पहले ही समय पर लोनाटो पहुंच चुकी है और अभ्यास भी शुरू कर दिया है। वहीं छह सदस्यीय ट्रैप टीम के सदस्य शनिवार देर शाम तक पहुंचने की उम्मीद है।
भारतीय निशानेबाजों के लेटेस्ट अपडेट्स के लिए @officialnrai को एक्स (X) और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें।
पुरुष और महिला स्कीट प्रतियोगिताओं के क्वालीफाइंग राउंड रविवार से शुरू होंगे, जिसमें दोनों वर्गों में पहले 50 टारगेट शूट किए जाएंगे। सोमवार को अगले 50 टारगेट्स पर निशाना लगाया जाएगा और मंगलवार, 08 जुलाई को फाइनल से पहले अंतिम 25 टारगेट शूट होंगे।
भारत की उम्मीदें पुरुषों की स्कीट में ओलंपियन मीराज अहमद खान (विश्व रैंकिंग 105), अनंत जीत सिंह नरूका (विश्व रैंकिंग 23) और भवतेग गिल (विश्व रैंकिंग 43) पर टिकी होंगी। वहीं महिलाओं की स्कीट टीम में भी दो ओलंपियन – महेश्वरी चौहान (विश्व रैंकिंग 13) और रायज़ा ढिल्लों (विश्व रैंकिंग 21) शामिल हैं, साथ ही ग़नेमत सेखों (विश्व रैंकिंग 63) जैसी अनुभवी शूटर भी टीम का हिस्सा हैं।
पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में मुकाबला बेहद कड़ा होगा, जहां अमेरिका के दिग्गज विंसेंट हैनकॉक के नेतृत्व में एक मजबूत टीम, इटली के गैब्रिएले रोसेटी, कुवैत के अब्दुल्ला अल-रशीदी, कतर के नासिर अल-अत्तिया, मिस्र के अज़मी मेहलबा, डेनमार्क के जेस्पर हैनसेन और ताइवान के ली मेंग-युआन (पेरिस कांस्य पदक विजेता) जैसे खिलाड़ी मैदान में होंगे।
महिला स्कीट में अमेरिका की दिग्गज किंबर्ली रोड एक और शक्तिशाली टीम का नेतृत्व करेंगी, जबकि स्लोवाकिया की वेनेसा हॉकोवा (विश्व रैंकिंग 3) जो पेरिस ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहीं, महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी होंगी

