भारतीय खेल जगत के सितारों की चमक: स्मृति मंधाना, दिव्या देशमुख, प्रीति पाल और अंजलि भागवत को बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड्स 2025 में किया गया सम्मानित

 


रणवीर सिंह

नई दिल्ली। बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड्स के छठे संस्करण के विजेताओं के नामों की घोषणा हो गई है. इस समारोह में क्रिकेट, शूटिंग, शतरंज, कबड्डी और पैरा-एथलेटिक्स जैसे अलग-अलग खेलों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वालीं भारतीय महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया.

स्मृति मंधाना को बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर (ISWOTY) 2025 अवॉर्ड के लिए चुना गया. स्मृति, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान हैं. उनका चयन एक विशिष्ट ग्रैंड जूरी ने किया, जिसमें लिएंडर पेस, अंजू बॉबी जॉर्ज और दीपा मलिक शामिल रहे.

29 साल की स्मृति मंधाना को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शीर्ष खिलाड़ियों में शुमार किया जाता है. बाएं हाथ की बल्लेबाज़ स्मृति महिला वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे पायदान पर हैं. साथ ही वो दुनिया की मौजूदा खिलाड़ियों में सबसे ज़्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं.

बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड 2025 स्वीकार करते हुए स्मृति मंधाना ने कहा, “मुझे बेस्ट स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर 2025 का अवॉर्ड देने के लिए बीबीसी का शुक्रिया. 2025 का साल महिला क्रिकेट के लिए काफ़ी शानदार रहा. ख़ास कर अंत में, जब हमने वर्ल्ड कप जीता और मुझे खुशी है कि मैं भारत को मैच जिताने में मदद कर सकी.”

इस समारोह में इन्हें भी किया गया सम्मानित:

दिव्या देशमुख: बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर ऑफ़ द ईयर. सिर्फ़ 20 साल की उम्र में FIDE महिला विश्व कप की ऐतिहासिक जीत के लिए.

प्रीति पाल: बीबीसी पैरा स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर. पेरिस पैरालंपिक 2024 में ट्रैक एंड फ़ील्ड में दो ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल करने के लिए.

अंजलि भागवत: बीबीसी लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड. ओलंपिक फ़ाइनल तक पहुंचने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज़ समेत एक शानदार करियर के लिए और वर्ल्ड स्टेज पर मिली कामयाबी के लिए.

बीबीसी न्यूज़ के सीईओ जोनाथन मुनरो ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए वैश्विक मंच पर भारत की महिला खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने की बीबीसी की प्रतिबद्धता को दोहराया और कहा, “इस साल की सभी विजेताओं को बधाई, जिन्होंने खेल के क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया. बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ऐसी ख़ास कोशिशों और असाधारण सफलता की कहानियों को भारत और दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.”

इसके अलावा इस समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिभाओं और उनके प्रभाव को भी रेखांकित किया गया. उन स्टार खिलाड़ियों और बदलाव की मिसाल बने लोगों को भी सराहा गया, जो अपनी मेहनत और योगदान से भारतीय खेल जगत को नई दशा और दिशा दे रहे हैं.

बीबीसी स्टार परफ़ॉर्मर्स ऑफ़ द ईयर 2025

इंडियन वीमन्स क्रिकेट टीम: ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत के लिए.

एकता भयान, दीप्ति जीवांजी और प्रीति पाल: वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के लिए.

इंडियन ब्लाइंड वीमन्स क्रिकेट टीम: वर्ल्ड कप की प्रेरणादायक जीत के लिए.

इंडियन वीमन्स कबड्डी टीम: वर्ल्ड कप में शानदार जीत के लिए.

बीबीसी चेंजमेकर्स ऑफ़ द ईयर 2025

इंडियन वीमन्स आइस हॉकी टीम: गैर-परंपरागत खेल में बाधाओं को पार करने के लिए.

राजबीर कौर: भारतीय फ़ील्ड हॉकी खिलाड़ी और भारतीय राष्ट्रीय महिला टीम की पूर्व कप्तान.

सविता पुनिया: भारतीय फ़ील्ड हॉकी खिलाड़ी और राष्ट्रीय टीम की मौजूदा सदस्य.

पानी देवी: खेल जगत में ज़मीनी स्तर पर प्रभावशाली योगदान के लिए.

बीबीसी ISWOTY को कलेक्टिव न्यूज़रूम मैनेज और प्रोड्यूस करता है. कलेक्टिव न्यूजरूम की एडिटर-इन-चीफ़ और को-फ़ाउंडर रूपा झा कहती हैं, “खेल सबके लिए है और इसकी असली ताक़त सिर्फ़ जीत में नहीं, बल्कि उन मौक़ों में है जो यह पैदा करता है. ISWOTY 2026 हर उस महिला के लिए एक उत्सव है, जिसने आगे बढ़कर बाधाओं को तोड़ा और मैदान पर अपना हक़ हासिल किया.”

Leave a Reply

Your email address will not be published.