मुंबई। मशहूर रियलिटी शो इंडियाज़ गॉट टैलेंट एक बार फिर नए रंग और जोश के साथ लौट आया है। इस बार शो की शुरुआत पूर्व क्रिकेटर और नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने की। नई टैगलाइन “जो अजब है, वो ग़ज़ब है” ने दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है।
शो के पहले प्रोमो में सिद्धू का दमदार डायलॉग – “दुनिया में सबसे बड़ा रोग, मेरे बारे में क्या कहेंगे लोग” – खूब चर्चा में है। यह पंक्ति उन सभी कलाकारों के लिए संदेश है, जो समाज की परंपरागत सोच और आलोचना के डर से अपने हुनर को छिपा लेते हैं। सिद्धू का कहना है कि यह शो ऐसे ही टैलेंट्स को मंच देगा जो अलग सोच के साथ अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।
लॉन्च के मौके पर सिद्धू ने कहा, “मैं बेसब्री से उन टैलेंट्स को देखने का इंतज़ार कर रहा हूँ जो अपनी रचनात्मकता और अनोखेपन से न सिर्फ दर्शकों को चौंकाएँगे, बल्कि लाखों युवाओं को अपने सपनों का पीछा करने की प्रेरणा देंगे।”
इंडियाज़ गॉट टैलेंट का नया सीज़न 4 अक्टूबर 2025 से हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।

