भोपाल।मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है। रविवार को इसका आगाज भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट क्षेत्र के मझगवां के मिचकुरिन से हुआ। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई, उन्होंने पहले भगवान कामतानाथ के दर्शन किए। नड्डा का ढाई महीने में यह मध्यप्रदेश का दूसरा दौरा है। इससे पहले वे 27 जून को कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए भोपाल आए थे। पूर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चित्रकूट विधानसभा (सतना जिला) से यात्रा शुरू करानी थी, लेकिन वे अब पांच सितंबर को मंडला से महाकौशल क्षेत्र और श्योपुर से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की यात्राओं का शुभारंभ करेंगे।
फिर इस बार बीजेपी की सरकार के नारे के साथ निकलने वाली जन आशीर्वाद यात्रा का चेहरा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही हैं। वे हर दिन अलग-अलग यात्राओं में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक ये पांचो यात्राएं 21 से 24 सितंबर के बीच राजधानी भोपाल पहुंचेंगी, जिसके बाद 25 सितंबर को कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन होगा. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
17-18 दिन में ये पांच यात्राएं कुल 10643 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और बीजेपी का प्लान इनके जरिए 230 में से 210 विधानसभा सीटें कवर करने का है। इस दौरान कुल 678 छोटी और 211 बड़ी रैलियों के आयोजन का भी कार्यक्रम है। बीजेपी पहली बार मध्यप्रदेश में एक साथ पांच यात्राएं निकाल रही है। पहले चरण की यात्रा सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के मझगवां के पास मिचकुरिन गांव से शुरू हुई। 4 सितंबर को नीमच से यात्रा शुरू होगी। 5 सितंबर को मंडला और 6 सितंबर को श्योपुर से जन आशीर्वाद की शुरुआत होगी। यानी विंध्य, महाकौशल, मालवा के इंदौर और उज्जैन डिवीजन के साथ ही ग्वालियर चंबल में भी बीजेपी जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज ने इस अवसर पर खुशी जताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की जनता को प्रणाम करता हूं। इस बार भी आपका आशीर्वाद लेने हम आ रहे हैं। जनता ने सदैव भाजपा को आशीर्वाद दिया है, इस बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में हुए जनकल्याण के कार्यों के कार्यों के आधार पर हम जनता का आशीर्वाद लेने जा रहे हैं।

