कर्नाटक चुनाव डरी हुई कांग्रेस और हमलावर भाजपा ?

नई दिल्ली। बड़ी अजीब बात है कि यदि श्रीमती सोनिया गांधी कर्नाटक में कांग्रेस के लिये चुनाव प्रचार करने जाती हैं तो हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजर में यह डरी हुई कांग्रेस का कदम है कि जो नेता प्रचार के लिये नही आ रहे थे , उनको प्रचार में झोंक दिया ! वे कहते हैं कि जो चुनाव प्रचार से दूर थीं , उन्हीं सोनिया गांधी को प्रचार में उतार दिया ! यह प्रधानमंत्री की अपनी सोच है , अपना तरीका है हमला बोलने का । अब देखिये न कि चुनाव प्रचार में कह रहे हैं कि यदि वे प्रतिदिन किलो दो किलो गालियां न खा लें तो दिन अच्छा सा नहीं लगता और उन्होंने गालियां भी गिन रखी हैं -अब तक 91 गालियां दी जा चुकी हैं ! क्या यह चुनाव का कोई मुद्दा हो सकता है ? क्या यह कर्नाटक की कोई बड़ी समस्या है ? प्रियंका गांधी कहती हैं कि यदि हम प्रधानमंत्री जी द्वारा अपने परिवार को दी गयी गालियां बताने लगें तो पूरी किताब लिखी जा सकती है लेकिन हम मुद्दों की बात करेंगे न कि व्यक्तिगत आक्षेप लगाने की ! कर्नाटक में बजरंग दल पर बैन लगाने को कितनी खूबसूरती के साथ बजरंग बली के साथ जोड़कर चुनाव प्रचार आगे बढ़ाया! यह होती है इवेंट मैनेजमेंट ! इसी कहते हैं मौके पर चौका ! नहले पे दहला ! कांग्रेस को भी सोच समझ कर इसे मुद्दा बनाना चाहिए था ।

हर चुनाव में यही हो रहा है । राजनितिक मुद्दों को पीछे छोड़कर भावनात्मक मोड़ देकर चुनाव का रंग , रूप और हवा का रूख बदलने की कोशिश की जाती है । वहां बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ के बीच जंतर-मंतर पर दिये जा रहे महिला पहलवानों की बात क्यों नहीं उठ रही ? कर्नाटक विधानसभा चुनाव में महंगाई और रसोई गैस  सिलेंडर की बेतहाशा बढ़ती कीमतों की बात क्यों नहीं हो रही ? कर्नाटक में डबल इंजन को चुनौती मिलने जा रही है ! कर्नाटक को भाजपा का दक्षिण में विजय द्वार समझने वाले अब इसे बचाने के लिये तरह तरह की बातें कर रहे हैं ! तरह तरह के तर्क और कुतर्क सामने आ रहे हैं दोनों तरफ से ! बाकी गोदी मीडिया तो है ही संग संग !
अभी राजस्थान , हरियाणा और छत्तीसगढ के चुनाव आने वाले हैं तब तक तरकश में नये तीर आ चुके होंगे ! नयी गालियां आ चुकी होंगीं और हो सकता है कि शतक पूरा हो चुका हो !
चुनाव मुद्दों पर आधारित होने चाहिएं न कि आपसी नोक झोंक पर ! बस । इतना ही कहना था !
अपनी तो आदत है
कि हम कुछ नहीं कहते !

-कमलेश भारतीय 

Leave a Reply

Your email address will not be published.