कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुलाम नवी आजाद को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पद से मुक्त कर दिया है । इसके पीछे पत्र बम को माना जा रहा है । रणदीप सुरजेवाला का कद बढ़ा दिया गया महासचिव बना कर । इसका मतलब यह न निकाला जाए कि किसी का कद घटा दिया गया है । वैसे भी नयी पीढ़ी बनाम पुरानी पीढ़ी का विवाद बढ़ा है कांग्रेस में । कुछ बदलाव देखने को मिलने ही थे । जिसका पद मिला उसे मुबारक । जिसका छिना उससे कुछ और की उम्मीद ।
सरकार की चिंता स्वाभाविक है । बरोदा उप चुनाव सिर पर है और किसानों पर लाठीचार्ज का आदेश देते समय इसे कैसे भूला दिया गया ? सबसे मजेदार बात कही अनिल निज ने कि किसानों पर लाठीचार्ज हुआ ही नहीं । कोरोना की दुहाई भी दी जा रही है और जो भाजपा नेता जगह जगह भीड़ एकत्रित करते हैं उस समय कोरोना को कहां छोड़ देते हैं ? हालांकि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने लाठीचार्ज को सही नहीं माना और कहा कि पुलिस अधिकारियों को संयम बरतना चाहिए था ।
बेशक उन्होंने भी कोरोना की दुहाई दी लेकिन जब वे हिसार आए थे तब उन्होंने आयोजकों को इस बारे में कुछ कहा था कि कोरोना के चलते भीड़ न जुटाना ? आपको भीड़ अच्छी लगती है तो किसान आंदोलन में भीड़ तो जुटेगी । आप नियमों का पालन करवाएं तो जनता और,किसान से भी कहने में दम हो । आप स्वयं पालन नहीं करते तो दूसरों को नसीहत कैसे ? सहयोगी जजपा ने भी लाठीचार्ज किये जाने की निंदा की है । दिग्विजय सिंह ने कहा कि किसानों की पीड़ा को हम अपनी पीड़ा मानते हैं । इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए ।
कमलेश भारतीय, वरिष्ठ पत्रकार


