Telly Talks : ‘हम रहें ना रहें हम’ के एक्टर जय भानुशाली कहते हैं, “प्यार का मतलब सिर्फ खुशनुमा एहसास नहीं है”

नई दिल्ली। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का भव्य शो ‘हम रहें ना रहें हम’ बेहद दिलचस्प किरदारों के साथ एक रोमांचक शाही ड्रामा दिखा रहा है। शाही बारोट खानदान का बड़ा बेटा शिवेंद्र (जय भानुशाली) सुरीली (टीना दत्ता) से प्यार कर बैठता है, जो एक नए ज़माने की सोच रखने वाली लड़की है और अपने परिवार के लिए कमाने और परिवार की विरासत को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। अब तक दर्शकों ने देखा कि शिवेंद्र को सुरीली से दूर रखने की दमयंती (किट्टू गिडवानी) की सारी कोशिशें नाकाम रही हैं। असल में अब शिवेंद्र और सुरीली को एक दूसरे से प्यार होने लगा है।

कहा जाता है कि एक कप कॉफी हो और साथ में एक अच्छी कंपनी हो तो बहुत-से अनकहे जज़्बात सामने आ जाते हैं! शिव और सुरीली के बीच भी ऐसा ही पल गुजर रहा है, जहां शिव यह बताता है कि जिस जगह पर वो कॉफी पी रहे हैं, वो उसके पिता की फेवरेट जगह थी। यह बताते हुए शिव की आंखों में आंसू भर आते हैं। शिव की कहानी सुनते हुए सुरीली भी उसके जज़्बातों में बह जाती है और शिव के सामने उस दुर्घटना को याद करती है, जिसमें उसके मां-बाप की जान चली गई, लेकिन वो बच गई थी। जब शिव सुरीली को रोते हुए देखता है, तो उसका दिल भर आता है और वो उसे दिलासा देने के लिए उसका हाथ थाम लेता है। इसके बाद शुरू होता है एक नए रिश्ते का सिलसिला, जहां शिवेंद्र उसे पूरी मुंबई घुमाता है। लेकिन फिर अचानक एक ऐसा हादसा होता है, जो इस प्रेम कहानी को पलटकर रख देगा!

आने वाले ट्रैक के बारे में बात करते हुए जय भानुशाली जो शिवेंद्र बारोट का रोल निभा रहे हैं, कहते हैं, “प्यार सिर्फ खुशनुमा एहसास के बारे में नहीं है, कभी-कभी जब आप किसी का हाथ थामते हैं और उसे सहारा देते हैं, तब भी प्यार हो जाता है और जिससे आगे एक खूबसूरत कहानी सामने आती है। बारोट परिवार का सबसे बड़ा बेटा होने के नाते शिवेंद्र हमेशा अपनी मां और भाइयों के साथ मजबूती से खड़ा रहा है, लेकिन सुरीली के साथ वो सुकून से खुलकर रह पाता है। प्यार एक बड़ा खास एहसास है और भले ही अभी दोनों इससे अनजान है, लेकिन एक दूसरे के करीब आते हुए वो इस जज़्बात को महसूस कर पा रहे हैं।”

 

देखिए ‘हम रहें ना रहें हम’, हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर।

Leave a Reply

Your email address will not be published.