मैथिली नाटक ‘बड्ड मुश्किल छै’ का हुआ मंचन

 

नई दिल्ली। मैथिल पत्रकार समूह, मैलोरंग, और मैथिली भाषा शोध परिषद के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय ‘मैथिली नाट्य-साहित्य महोत्सव’ का आयोजन मंडी हाउस स्थित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में किया गया। मैथिली-भोजपुरी अकादमी, दिल्ली सरकार के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन 18 जुलाई को तीन सत्र में परिचर्चा और शाम को गीत संगीत का आयोजन किया गया।
दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को रौशन कुमार झा लिखित और मैलोरंग द्वारा मंचित नाटक ‘बड्ड मुश्किल छै’ का मंचन किया गया। इस दौरान सभागार में उपस्थित लोगों की अपार भीड़ को देखकर मुख्य अतिथि बिहार से राज्यसभा सांसद संजय झा भी गदगद हो गए। संजय झा ने इस दौरान कहा कि उन्हें नहीं मालूम था कि मैथिली नाटक को लोग इस तरह से पसंद करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही दिल्ली और बिहार में मैथिली नाटक के विकास के लिए सरकार से बात कर जरूरी कदम उठाएंगे।

इससे पहले आयोजन के पहले दिन दोपहर तीन बजे परिचर्चा सत्र में ‘विश्वविद्यालय स्तर पर मैथिली नाटक की स्थिति’ पर चर्चा की गई। इसके बाद दूसरे सत्र में ‘मिथिला में मैथिली भाषा स विमुख किएक छथी मैथिल’ और फिर ‘समकालीन मैथिली नाटक की दशा-दिशा और थिएटर प्रशिक्षण में मैथिली की भूमिका’ जैसे विषयों पर विद्वानों के विचार सुने गए। शाम सात बजे भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया जिसमें स्नेहा झा और धीरज झा ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया।

 

मैथिली पत्रकार ग्रुप के अध्यक्ष संतोष ठाकुर ने बताया कि यह आयोजन मैथिली भाषा, साहित्य और रंगमंच को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मैथिली भाषा शोध परिषद् के अगुआ मनीष ठाकुर ने कहा कि पहले दिन आयोजित विभिन्न सत्र का काफी सकारात्मक संदेश लोगों में गया है और इससे मैथिली नाटक को नई पहचान मिलेगी।  NSD सभागार में मैथिल पत्रकार ग्रुप ने आयोजित किया दो दिवसीय कार्यक्रम

Leave a Reply

Your email address will not be published.