छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सली हमला, आईईडी विस्फोट में डीआरजी के 10 जवान व एक वाहन चालक शहीद

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने बड़े हमले को अंजाम दिया है। नक्सलियों के आईईडी धमाके में डीआरजी के 10 जवान और एक वाहन चालक शहीद हो गए। बस्तर आईजी सुंदर राज पी. ने नक्सली हमले और जवानों की शहादत की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक थाना अरनपुर क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी बल को नक्सलियों के खिलाफ अभियान के लिए भेजा गया था। अभियान के बाद वापसी के दौरान नक्सलियों ने अरनपुर मार्ग पर आईईडी विस्फोट किया, जिससे अभियान में शामिल रहे डीआरजी के 10 जवान एवं 01 वाहन चालक शहीद हो गये। अचानक किए गए इस भीषण विस्फोट को लेकर जवान बिल्कुल तैयार नहीं थे।
राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने बुधवार को दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किये गये बम विस्फोट में पुलिस के जवानों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि नक्सलियों के राष्ट्र विरोधी मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। केन्द्र शासन और राज्य शासन समन्वय पूर्वक नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए कटिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.