नई दिल्ली। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था मित्र मंच मानव कल्याण (भारत) ने रविवार 4 जनवरी को राजधानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में एक व्यापक दान अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस अभियान के अंतर्गत समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक आवश्यक सहायता पहुँचाने का प्रयास किया गया।
दान अभियान के तहत बुराड़ी के बख्तावरपुर स्थित श्री रामानुज संस्कृत वैदिक गुरुकुलम्, जहाँ 40 से अधिक बाल आचार्य अध्ययनरत हैं, को सहयोग प्रदान किया गया। इसके अलावा दिल्ली के इब्राहिमपुर स्थित श्रीनिवास संस्कृत विद्यापीठम्, जहाँ 75 से अधिक बाल आचार्य तथा लगभग 30 कर्मचारी कार्यरत हैं, को भी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। वहीं, बुराड़ी के संत नगर स्थित विनायक नेत्रहीन कन्या छात्रावास, जहाँ 50 से अधिक दृष्टिबाधित बालिकाओं की शिक्षा एवं देखभाल की जाती है, को भी इस अभियान के माध्यम से सहयोग दिया गया।
संस्था ने बताया कि इस दान अभियान के जरिए सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में लगे युवा आचार्यों की शिक्षा एवं कल्याण तथा दृष्टिबाधित बालिकाओं के समुचित विकास में योगदान दिया गया। संस्था का मानना है कि समाज के इन वर्गों तक समयोचित सहायता पहुँचाना सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही मित्र मंच मानव कल्याण (भारत) द्वारा गौशालाओं को भी निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
संस्था के मूल मंत्र “सेवा ही सर्वोच्च धर्म है” को आत्मसात करते हुए आटा, चावल, सरसों का तेल, नमक, चीनी, घी, सर्फ सहित अन्य दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंदों के बीच कंबलों का भी वितरण किया गया।
गौरतलब है कि वर्ष 1990 में स्थापित मित्र मंच मानव कल्याण (भारत) सामाजिक कल्याण एवं मानव विकास के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। संस्था अब तक 2,200 से अधिक महिलाओं और बच्चों को मानव तस्करी से मुक्त कर उनका पुनर्वास कर चुकी है। हर वर्ष गुरुकुलों, अनाथालयों, वृद्धाश्रमों तथा दृष्टिबाधितों के विद्यालयों में इस प्रकार के दान अभियानों का आयोजन किया जाता है।
इस अवसर पर संस्था ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी दाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से बुराड़ी से समाजसेवी डॉ. अजय बंसल, यूनाइटेड किंगडम (यूके) से श्री राजिनिश बकरिया, दिल्ली से श्री दीपांकर गुप्ता एवं श्री दिलाराम पौडेल, जयपुर से श्री अनुज भार्गव, जालंधर से श्री रवि कपूर सहित अन्य सभी शुभचिंतकों के योगदान की सराहना की गई।

