मुंबई। देश के पहले सुपरहीरो ‘शक्तिमान’ के रूप में मशहूर अभिनेता मुकेश खन्ना ने अपने एल्बम क्रांतिकारी पहेली का दूसरा भाग “पहेली गीत 2” मुंबई के स्टार हाउस में लॉन्च किया। यह गीत भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित है और भीष्म इंटरनेशनल के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। गीत के माध्यम से मुकेश खन्ना बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में पहेलियों के रूप में जानकारी दे रहे हैं। इस गीत में चंद्रशेखर आजाद, वीर सावरकर, मंगल पांडे और अशफ़ाक उल्लाह खान जैसे क्रांतिकारियों का जिक्र किया गया है। पहले भाग में झांसी की रानी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस जैसे सेनानियों को शामिल किया गया था।
इस मौके पर गीतकार दीपक त्रिपाठी, संगीतकार सूर्या राजकमल और कोरियोग्राफर पप्पू खन्ना भी मौजूद रहे। मुकेश खन्ना ने सभी से अपील की कि वे देश के 7000 से अधिक क्रांतिकारियों को शहीद का दर्जा दिलाने के अभियान में साथ दें।

