दुधवा की हरियाली में पर्यटन का नया अध्याय

मुंबई। उत्तर प्रदेश ने पर्यावरण-संवेदनशील पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए दुधवा नेशनल पार्क में इको-टूरिज्म केंद्र के विकास के लिए बीवीजी इंडिया के साथ साझेदारी की है। लखीमपुर खीरी जिले के चंदन चौकी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड और बीवीजी इंडिया मिलकर एक ऐसा पर्यटन ढांचा विकसित कर रहे हैं, जो प्रकृति संरक्षण और स्थानीय विकास—दोनों को समान महत्व देता है।
इस परियोजना का केंद्र बिंदु है ‘बीवीजी इंडिया रिज़ॉर्ट’, जो लगभग पांच एकड़ क्षेत्र में फैला एक इको-फ्रेंडली रिसॉर्ट है और मार्च 2026 तक पूरी तरह संचालन में आ जाएगा। जंगल के प्राकृतिक वातावरण में घुला-मिला यह रिज़ॉर्ट आधुनिक आतिथ्य सुविधाओं के साथ वेलनेस, स्थानीय संस्कृति और प्रकृति अनुभव को बढ़ावा देगा। यहां ठहरने, खान-पान, मनोरंजन तथा छोटे सम्मेलन और सामाजिक आयोजनों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
परियोजना की एक खास बात है स्थानीय समुदायों की भागीदारी। थारू आदिवासी हस्तशिल्प के लिए समर्पित स्थान और जैविक बागवानी क्षेत्र न केवल स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाएंगे, बल्कि पर्यटकों को ग्रामीण जीवन और टिकाऊ परंपराओं से भी जोड़ेंगे।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित दुधवा नेशनल पार्क अपनी समृद्ध जैव विविधता और प्रोजेक्ट टाइगर के तहत संरक्षण प्रयासों के लिए जाना जाता है। ऐसे में यह इको-टूरिज्म पहल दुधवा को ज़िम्मेदार और वहनीय पर्यटन का एक आदर्श मॉडल बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.