पटना। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आम जनता को बड़ी राहत देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। गुरुवार को नीतीश कुमार ने ऐलान किया कि 1 अगस्त 2025 से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। इस योजना से राज्य के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस फैसले की जानकारी देते हुए लिखा,
“हमलोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब हमने तय कर लिया है कि 1 अगस्त, 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा।”
सौर ऊर्जा पर भी बड़ा फोकस
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अगले तीन वर्षों में इन उपभोक्ताओं से सहमति लेकर छतों या सार्वजनिक स्थानों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि “कुटीर ज्योति योजना के तहत अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए सौर संयंत्र लगाने का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी, जबकि बाकी उपभोक्ताओं को भी सरकार उचित सहयोग देगी।” इसके ज़रिए राज्य में 10,000 मेगावाट तक सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का समर्थन
इस ऐलान को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा, “यह फैसला लाखों परिवारों को राहत देगा। सौर ऊर्जा के माध्यम से न केवल बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि राज्य आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में भी अग्रसर होगा।”
चुनावी नजरिए से अहम फैसला
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह घोषणा अक्टूबर-नवंबर 2025 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से ठीक पहले की गई है, जिससे स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि एनडीए सरकार जनता के बीच सीधा लाभ पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है।
इस घोषणा को जनता से जुड़ा एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो गरीब और मध्यम वर्ग को सीधी राहत देने के साथ-साथ राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव लाने वाला साबित हो सकता है।

