नेक्स्ट्रा बाय एयरटेल ने एएमपीआईएन के साथ मिलकर हरित ऊर्जा में किया बड़ा विस्तार

गुरुग्राम। नेक्स्ट्रा बाय एयरटेल ने एएमपीआईएन एनर्जी ट्रांज़िशन के साथ 125.65 मेगावॉट सोलर-विंड हाइब्रिड एनर्जी आपूर्ति के लिए एक नया पावर-व्हीलिंग समझौता किया है, जो इंटर-स्टेट ट्रांसमिशन सिस्टम (ISTS) से जुड़े प्लांट्स के माध्यम से दी जाएगी। इस साझेदारी के साथ दोनों कंपनियों का कुल नवीकरणीय ऊर्जा सहयोग 200 मेगावॉट के पार पहुँच गया है। यह ऊर्जा दो चरणों में – राजस्थान और कर्नाटक में बने कैप्टिव सोलर-विंड प्रोजेक्ट्स के ज़रिए दी जाएगी। इससे पहले एएमपीआईएन उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा में नेक्स्ट्रा को सोलर पावर सप्लाई कर चुका है। नए समझौते के तहत कंपनी 11 और राज्यों में विस्तार करेगी और एकल इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर (IPP) के रूप में ग्रीन एनर्जी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।

नेक्स्ट्रा के सीईओ आशीष अरोड़ा ने कहा, “सस्टेनेबिलिटी केवल वादा नहीं, हमारी ज़िम्मेदारी है। एएमपीआईएन के साथ मिलकर हम डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को हरित ऊर्जा से पावर कर रहे हैं और जलवायु पर सकारात्मक प्रभाव डाल रहे हैं।” एएमपीआईएन के सीईओ पिनाकी भट्टाचार्य ने कहा कि देशव्यापी उपस्थिति और ISTS व इन्ट्रा-स्टेट समाधानों के संतुलन से ग्राहक को लगभग पूरी तरह ग्रीन एनर्जी पर स्विच किया जा सकता है।

नेक्स्ट्रा ने जून 2024 में वैश्विक RE100 पहल में शामिल होकर 100% नवीकरणीय ऊर्जा से अपनी जरूरतें पूरी करने का संकल्प लिया था। ऐसा करने वाला यह भारत का पहला डेटा सेंटर बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published.