हनुमान जयंती पर संत नगर में पूजा-कीर्तन और भंडारे का आयोजन

नई दिल्ली। प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त श्री हनुमान जी के जयंती के पावन अवसर पर राजधानी दिल्ली में कई स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के क्रॉस रोड, संत नगर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। समाजसेवी एवं हनुमान भक्त श्री रामकुमार चौधरी और श्री प्रदीप बाल्यान की अगुवाई में मारूतिनंदन श्री हनुमान जी की विशेष पूजा, भजन-कीर्तन और हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण मंत्रोच्चारण और भक्ति संगीत से गूंज उठा, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

पूजा के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन में आसपास के सनातन परिवारों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे सामाजिक एकता और सामूहिक आस्था का सशक्त संदेश देखने को मिला। इस आयोजन में बुराडी विधानसभा के विधायक श्री संजीव झा, झड़ौदा वार्ड के निगम पार्षद एडवोकेट गगन चौधरी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने वाला बताया। विधायक श्री संजीव झा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने में भी अहम योगदान देते हैं।

हनुमान भक्त श्री रामकुमार चौधरी ने बताया कि बीते कई वर्षों से हनुमान जयंती के अवसर पर इस तरह के धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज में भक्ति, सेवा और एकता की भावना को मजबूत करना है। स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवकों ने भी पूरे कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published.