नई दिल्ली। राजधानी में दशहरे की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार विजय दशमी पर्व पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं लालकिला मैदान स्थित माधवदास पार्क में श्री धार्मिक लीला कमेटी के पंडाल में आयोजित रामलीला देखने पहुंचेंगी। कमेटी के महासचिव धीरजधर गुप्ता, सचिव प्रदीप शरण और प्रवक्ता रवि जैन ने बताया कि समिति ने राष्ट्रपति को औपचारिक न्यौता दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। विजय दशमी के दिन राष्ट्रपति राम-रावण युद्ध का लाइव मंचन देखेंगी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मैदान में मंच, दर्शक दीर्घा और वीआईपी गैलरी को सजाया जा रहा है। राष्ट्रपति के अलावा देश के कई केंद्रीय मंत्री, सांसद और दिल्ली के अन्य बड़े नेता भी इस अवसर पर शामिल होंगे।
धीरजधर गुप्ता ने बताया कि इस बार राम-रावण युद्ध का मंचन भव्य और आधुनिक तकनीक के साथ होगा ताकि दर्शकों को पौराणिक कथा का जीवंत अनुभव मिल सके। राजधानी के हजारों श्रद्धालु भी इस अवसर पर जुटने की संभावना है। इस प्रकार दशहरा पर्व पर श्री धार्मिक लीला कमेटी का पंडाल राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बनने जा रहा है।

