नई दिल्ली। अहमदाबाद में हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को “दिल दहला देने वाली” बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है। राहुल गांधी ने कहा, “अहमदाबाद एयर इंडिया दुर्घटना दिल दहला देने वाली है। यात्रियों और चालक दल के परिवारों को जो दर्द और चिंता हो रही होगी, वह अकल्पनीय है। इस अविश्वसनीय रूप से कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से प्रत्येक के साथ हैं।” उन्होंने प्रशासन से त्वरित बचाव और राहत कार्य सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि “हर जीवन मायने रखता है, हर सेकंड मायने रखता है।” इसके साथ ही राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे जमीनी स्तर पर मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में एकजुट होकर पीड़ितों की मदद करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
गौरतलब है कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के कुछ ही पलों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। विमान में 242 लोग सवार थे और राहत कार्य अभी भी जारी है। सरकार और संबंधित एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

