रणवीर सिंह
मोहाली। राउंडग्लास हॉकी अकादमी (आरजीएचए) ने 35वें अखिल भारतीय के.डी. सिंह बाबू सब-जूनियर प्राइज़ मनी हॉकी टूर्नामेंट 2025 में तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में आरजीएचए ने राजस्थान हॉकी अकादमी को 19-1 के बड़े अंतर से हराया। यह मैच लखनऊ के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेला गया।
इस मुकाबले में अंशप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 गोल दागे, जबकि मनवीर सिंह ने 4 गोल किए। इसके अलावा, रणवीर सिंह, हरकीरत सिंह और गुर्मनवदीप सिंह ने 2-2 गोल किए, जबकि निशांत तनवार और रणवीर सिंह ने एक-एक गोल कर टीम की जीत को यादगार बनाया।
आरजीएचए ने पहले ही मिनट से मुकाबले पर अपना दबदबा बना लिया था। पहला गोल अंशप्रीत सिंह ने 5वें मिनट में किया, जबकि 19वां और आखिरी गोल 59वें मिनट में उनके ही नाम रहा। आरजीएचए ने पहले क्वार्टर में 6 गोल, दूसरे में 4 गोल, तीसरे में 2 गोल और अंतिम क्वार्टर में 7 गोल किए। राजस्थान के लिए एकमात्र सांत्वना गोल 48वें मिनट में प्रिंस ने किया।
टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले आरजीएचए के रचित दिवाकर को सर्वश्रेष्ठ राइट हाफ और प्रिंसपाल सिंह को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के पुरस्कार से नवाजा गया। दोनों खिलाड़ियों को ₹10,000-₹10,000 का नकद पुरस्कार मिला, जबकि टीम को तीसरे स्थान पर रहने के लिए ₹50,000 की इनामी राशि दी गई। आरजीएचए की सब-जूनियर टीम के कोच रविंदर सिंह, और मैनेजर रंजीत सिंह हैं।
आरजीएचए को सेमीफाइनल में नेवल टाटा अकादमी, ओडिशा के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। क्वार्टर फाइनल में आरजीएचए ने मनमोहन हॉकी अकादमी को 7-1 से हराया था। वहीं, ग्रुप स्टेज में आरजीएचए ने तीनों मुकाबले एकतरफा अंदाज़ में जीते, 21 गोल किए और केवल 2 गोल खाए। उन्होंने ध्यानचंद हॉकी अकादमी को 8-2, एम.एम. स्पोर्ट्स क्लब, हरियाणा को 5-0 और फ्लिकर ब्रोज़ हॉकी अकादमी, शाहबाद को 8-0 से हराकर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।

