नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविद ने राष्ट्रपति भवन में सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान के सम्मान में आयोजित भोज के दौरान कहा कि भारत सऊदी अरब के ‘विजन 2030’ में साझेदार बनना चाहता है। भारत की पहली आधिकारिक यात्रा पर आए सऊदी अरब के युवराज का स्वागत करते हुए कोविद ने कहा कि भारत सऊदी अरब के साथ अपने सौहार्द्रपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंधों का महत्व देता है और खाड़ी क्षेत्र को अपना वृहत पड़ोस मानता है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, कोविद ने कहा कि हमें अपने मौजूदा विक्रेता-खरीददार के संबंध को आगे सामरिक स्तर तक ले जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत सऊदी अरब के विजन 2030 में साझेदार बनने को इच्छुक है।
दूसरी ओर, एक अन्य घटनाक्रम में सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुरोध पर अपने देश की जेलों में बंद 850 भारतीय कैदियों को रिहा किए जाने का आदेश दिया है। वार्ता के बाद मंत्रालय ने घोषणा की कि भारत सऊदी नागरिकों के लिए ई-वीजा सुविधा बढ़ाएगा। वहीं एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम का हिस्सा बनते हुए सऊदी अरब अंतरराष्ट्रीय सौर गठजोड़ में शामिल हो गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान के बीच हुई वार्ता के बाद भारत और सऊदी अरब के बीच पांच समझौतों पर दस्तखत किए गए। इनमें नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड में निवेश के लिए दोनों देशों ने एक सहमति पत्र पर दस्तखत किए। इसके अलावा पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग पर भी एक समझौता हुआ। दोनों देशों ने आवास के क्षेत्र में सहयोग के लिए भी एक एमओयू किया।
भारत के इन्वेस्ट इंडिया और सऊदी अरब के जनरल इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी के बीच भी दोपक्षीय निवेश संबंधों को बढ़ावा देने के लिए सहयोग ढांचे पर दस्तखत किए गए। प्रसार भारती और सऊदी ब्रॉडकास्ट कोऑपरेशन के बीच भी सहमति पत्र पर दस्तखत हुए। इस मौके पर सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने कहा कि वे भारत की यात्रा पर आकर बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सऊदी प्रायद्वीप का रिश्ता काफी पुराना है जो दो हजार साल से भी पहले से शुरू होता है। उन्होंने कहा कि भारत और सऊदी प्रायद्वीप का रिश्ता हमारे डीएनए में बसा है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की और दोनों देशों के सामरिक संबंधों सहित आपसी रिश्तों के सभई पहलुओं पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्विट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने कारोबार व निवेश से लेकर रक्षा, सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग सहित अपने सामरिक संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की।

