मुंबई। दिवाली के खास अवसर पर भगवद गीता फॉर ऑल (BGFA) ने अपना पहला त्योहार आधारित अभियान “आंतरिक प्रकाश का उपहार” लॉन्च किया है। इस अभियान से बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनकी बहन शमिता शेट्टी को जोड़ा गया है।
अभियान का उद्देश्य है दीपावली जैसे पर्व पर घरों को रोशन करने के साथ-साथ, गीता के ज्ञान से जीवन में भी शांति, संतुलन और आत्मबल का प्रकाश फैलाना। बीजीएफए गीता की शिक्षाओं को सरल, संवादात्मक और व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत कर आधुनिक परिवारों तक पहुंचा रहा है।
शिल्पा शेट्टी ने कहा, “गीता सिर्फ एक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन का मार्गदर्शन है। इस दिवाली गीता उपहार में देना, सच्चे अर्थों में प्रकाश, सद्भाव और आंतरिक शक्ति देने जैसा है।” वहीं शमिता शेट्टी ने कहा कि गीता की शिक्षाओं को BGFA ने आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रासंगिक बनाया है।
इस पहल के संस्थापक श्री पृथ्वीराज शेट्टी ने कहा कि शिल्पा योग और संतुलित जीवनशैली की प्रतीक हैं, और BGFA के संदेश की सशक्त प्रतिनिधि भी। BGFA गीता को आत्म-विकास, मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक सामंजस्य के लिए एक आधुनिक जीवन-दर्शन के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।

