पटना। आज बिहार के महामहिम राज्यपाल श्री फागु चौहान से मिलकर “बिहार विधानमंडल अनुसूचित जाति/जनजाति आरक्षण बचाओ संघर्ष मोर्चा” के प्रतिनिधि मंडल नें आरक्षण सम्बन्धी अपना ज्ञापन सौंपा। आरक्षण बचाओ मोर्चा के सदस्य सह उद्योग मंत्री श्री श्याम रजक नें बताया कि आज हमारे प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों नें महामहिम राज्यपाल महोदय को आरक्षण संबंधी हमारा ज्ञापन सौंपा है तथा उनसे अपने स्तर पर पहल करनें की आग्रह की। महामहिम नें हमें आश्वासन दिया है कि वे हमारी मांगों का समर्थन करते हैं व इसके लिए प्रयास करेंगे। साथ ही अपनी ओर से इसका अनुमोदन महामहिम राष्ट्रपति जी एवं माननीय प्रधानमंत्री जी को भी भेजेंगे।
श्री रजक ने बताया कि विगत दिनों के आरक्षण संबंधी न्यायालयों के निर्देशों से अनुसूचित जाति/जनजाति के लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गयी है तथा उनमें आरक्षण से वंचित कर दिये जाने का भय व्याप्त हो गया है। अतएव आरक्षण को मजबूती प्रदान करने हेतु हमारी निम्नवत मांगें महामहिम राज्यपाल महोदय को सौंपा है। आरक्षण संबंधी विवादों के स्थायी निराकरण हेतु आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में सम्मिलित किया जाए।‘‘अखिल भारतीय न्यायायिक सेवा’’ के गठन हेतु अध्यादेश लाया जाए। बैकलाॅग पदों पर अभियान चलाकर शीघ्र नियुक्ति की जाए। वरिष्ठता आधारित प्रोन्नति जो बहुत दिनों से लंबित है, उसे पूर्ववत् लागू किया जाए। आरक्षित वर्ग के अभ्यार्थियों को सामान्य वर्ग का कटऑफ मार्क्स प्राप्त करने पर उनकी नियुक्ति पहले की भाॅति सामान्य श्रेणी में की जाय। शेष पदों को नीचे के बिन्दुओं से भरा जाए। सरकारी क्षेत्र में घटते नौकरियों के मद्देनजर निजी क्षेत्र में आरक्षण की व्यवस्था की जाए।
प्रतिनिधि मंडल के रूप में श्री श्याम रजक, श्री ललन पासवान, श्री कृष्ण कुमार ऋषि, श्री रमेश ऋषिदेव, श्री अशोक राम, श्री निरंजन राम,श्री रवि ज्योति, श्री राजेश कुमार, श्री राजेश राम, श्री अचमित ऋषिदेव शामिल थे।

