नई दिल्ली। भारत की अग्रणी रियल एस्टेट विकास कंपनियों में शामिल Signature Global (India) Ltd. (BSE: 543990 | NSE: SIGNATURE) ने कमर्शियल रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख डेवलपर और एसेट मैनेजर कंपनी RMZ Corp के साथ रणनीतिक संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) की घोषणा की है। यह साझेदारी गुरुग्राम के सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर एक भव्य मिक्स्ड-यूज प्रोजेक्ट के विकास के लिए की गई है।
समझौते के तहत दोनों कंपनियां 50:50 के अनुपात में संयुक्त उपक्रम बनाएंगी। आरएमजेड इस परियोजना में 50% इक्विटी हिस्सेदारी के लिए ₹1,283 करोड़ का निवेश करेगी। परियोजना के पूर्ण होने पर इसकी कुल पूंजीगत वैल्यू लगभग ₹14,000–16,000 करोड़ रहने का अनुमान है, जिससे यह क्षेत्र की सबसे बड़ी मिक्स्ड-यूज परियोजनाओं में शामिल होगी।
इस सौदे के तहत सिग्नेचर ग्लोबल की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी गुरुग्राम कॉमर्ससिटी लिमिटेड (GCL) ने आरएमजेड की इकाई मिलेनिया रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ सिक्योरिटीज सब्सक्रिप्शन एंड परचेज एग्रीमेंट (SSPA) पर हस्ताक्षर किए हैं। शेयर खरीद और नए शेयर सब्सक्रिप्शन के संयोजन के माध्यम से आरएमजेड, ₹1,283 करोड़ तक के कुल निवेश पर जीसीएल में 50% हिस्सेदारी हासिल करेगी।
तेजी से विकसित हो रहे गुरुग्राम के सदर्न पेरिफेरल रोड कॉरिडोर पर स्थित यह परियोजना लगभग 3.94 मिलियन वर्ग फुट के फ्लोर स्पेस इंडेक्स (FSI) में फैली होगी। प्रस्तावित मिक्स्ड-यूज विकास में प्रीमियम ऑफिस स्पेस, होटल और रिटेल स्पेस शामिल होंगे। यह सिग्नेचर ग्लोबल का अपने मौजूदा लैंड बैंक पर बड़े पैमाने पर कमर्शियल रियल एस्टेट विकास में पहला बड़ा कदम है।
यह संयुक्त उपक्रम सिग्नेचर ग्लोबल की पोर्टफोलियो विविधीकरण रणनीति में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। जहां सिग्नेचर ग्लोबल अपनी मजबूत निष्पादन क्षमता, निर्माण विशेषज्ञता और दिल्ली-एनसीआर बाजार की गहरी समझ लेकर आ रही है, वहीं आरएमजेड बड़े संस्थागत स्तर की कमर्शियल और मिक्स्ड-यूज परियोजनाओं के डिजाइन, लीजिंग और प्रबंधन में अपने व्यापक अनुभव का योगदान देगी।
इस अवसर पर सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड के संस्थापक एवं चेयरमैन Pradeep Aggarwal ने कहा, “यह हमारे विकास सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। बड़े पैमाने की इस मिक्स्ड-यूज परियोजना के माध्यम से हम अपने पोर्टफोलियो का विस्तार कर रहे हैं। सदर्न पेरिफेरल रोड मजबूत बुनियादी ढांचे और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण आवासीय और कमर्शियल विकास का प्रमुख केंद्र बन चुका है। आरएमजेड के साथ हमारी साझेदारी हमें उच्च गुणवत्ता और भविष्य उन्मुख विकास प्रदान करने में सक्षम बनाएगी।”
वहीं आरएमजेड के कॉर्पोरेट चेयरमैन, सुपरवाइजरी बोर्ड Manoj Menda ने कहा, “गुरुग्राम में इस महत्वपूर्ण मिक्स्ड-यूज कमर्शियल परियोजना के लिए सिग्नेचर ग्लोबल के साथ साझेदारी कर हमें खुशी है। एसपीआर तेजी से एक पसंदीदा कमर्शियल कॉरिडोर के रूप में उभर रहा है। यह परियोजना दीर्घकालिक लीजिंग क्षमता वाले संस्थागत स्तर के एसेट्स विकसित करने की हमारी रणनीति के अनुरूप है।”
इस साझेदारी के साथ दोनों कंपनियां गुरुग्राम के कमर्शियल परिदृश्य को नई दिशा देने और उत्तर भारत में इसे एक प्रमुख व्यावसायिक एवं निवेश केंद्र के रूप में और सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

