रेखा गुप्ता के साथ छह विधायक भी शपथ लेंगे

नई दिल्ली। दिल्ली की नई सरकार की आगामी प्रमुख भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रेखा गुप्ता के साथ आज विधायक प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इन्द्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह मंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह आज दोपहर रामलीला मैदान में होगा।

रेखा गुप्ता ने कल रात दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में आमराय से भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद पार्टी नेताओं के साथ उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया था। रेखा गुप्ता आज दोपहर बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विधिवत दिल्ली की बागडोर संभाल लेंगी।

दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “एक चमत्कार है। बहनों के जीवन में एक नया अध्याय है। आज यदि रेखा प्रदेश की मुख्यमंत्री बन कर काम कर सकती है तो मुझे लगता है हर बहन के लिए रास्ते हैं। हमने दिल्ली से जो वादे किए हैं उसे पूरा करना हमारी प्राथमिकता होगी… जिसने भी भ्रष्टाचार किया है उसे एक-एक रुपए का हिसाब देना होगा।”

दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता ने कहा, “…हमने कभी नहीं सोचा था कि वह (रेखा गुप्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री बनेंगी। यह चमत्कार जैसा लगता है… यह हमारे लिए खुशी की बात है कि पार्टी ने हमें इतना सम्मान दिया है।

दिल्ली के मंत्री के रूप में आज शपथ लेने वाले भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले झंडेवालान मंदिर में पूजा-अर्चना की। दिल्ली के मनोनीत मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, “हम सब मिल कर पीएम मोदी के विजन को दिल्ली में लागू करेंगे। उन्होंने(अरविंद केजरीवाल) दिल्ली वालों के साथ छल किया था जनादेश के माध्यम से लोगों ने उसकी सजा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.