सुशील कुमार मोदी की जयंती पर पटना में आदमकद प्रतिमा का अनावरण

पटना। बिहार के भूतपूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता श्रद्धेय सुशील कुमार मोदी की जयंती के अवसर पर आज राजधानी पटना में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। राजेंद्र नगर स्थित सुशील मोदी पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने सुशील कुमार मोदी के सिद्धांतवादी राजनीतिक जीवन और बिहार के विकास में उनके योगदान को भावपूर्ण स्मरण किया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा और सम्मान से ओतप्रोत रहा।

गरिमामय समारोह में बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने अपने संबोधन में सुशील कुमार मोदी के प्रेरणादायी व्यक्तित्व, सार्वजनिक जीवन में उनकी ईमानदारी और राज्यहित में किए गए कार्यों को याद किया।

नेताओं ने कहा कि सुशील कुमार मोदी बिहार की राजनीति में एक सशक्त, पारदर्शी और जनहितैषी नेतृत्व के प्रतीक थे। उनकी सोच, संघर्ष और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।

प्रतिमा अनावरण समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, राज्य सरकार के मंत्री तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में सुशील मोदी के योगदान और उनके सार्वजनिक जीवन को याद किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सुशील मोदी की जयंती और पुण्यतिथि हर वर्ष राजकीय स्तर पर मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी बिहार की राजनीति में ईमानदारी, सादगी और सिद्धांतों के प्रतीक थे और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

सुशील मोदी के निधन के बाद यह पहला अवसर था जब उनकी जयंती मनाई गई और उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर साल सुशील मोदी पार्क में उनकी प्रतिमा पर जन्मतिथि और पुण्यतिथि के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में मौजूद कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने सुशील मोदी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे हम सभी के लिए अनुकरणीय व्यक्तित्व थे। उन्होंने पार्टी और बिहार के विकास के लिए अतुलनीय योगदान दिया। रामकृपाल यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिमा अनावरण और जयंती–पुण्यतिथि को राजकीय रूप से मनाने की घोषणा से सुशील मोदी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित हुई है।

समारोह के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुशील मोदी के राजनीतिक जीवन, उनके संघर्ष और बिहार के विकास में उनकी भूमिका को स्मरण किया। कार्यक्रम भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां हर वर्ग ने उन्हें एक समर्पित जननेता के रूप में याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.