भूकंप के तेज़ झटकों से दहला दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा के झज्जर में रही केंद्र बिंदु

झज्जर/दिल्ली। हरियाणा के झज्जर जिले में आज सुबह 9:04 बजे भारतीय समयानुसार रिक्टर पैमाने पर 4.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका प्रभाव दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गाजियाबाद समेत कई इलाकों में महसूस किया गया। लोगों ने घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों में शरण ली। भूकंप के झटके कुछ ही सेकंड्स तक महसूस किए गए लेकिन इससे लोगों में भय का माहौल बन गया।

दिल्ली के एक निवासी ने बताया, “हमने भूकंप महसूस किया। झटके काफी तेज़ थे। मैं उस समय गाड़ी में था, और मेरी गाड़ी अचानक हिलने लगी। मुझे बहुत डर लगा।”

गाजियाबाद के एक स्थानीय नागरिक ने कहा, “कुछ दिन पहले ही भूकंप आया था। अब फिर से झटके महसूस हुए हैं। दिल्ली-एनसीआर भूकंप संभावित क्षेत्र है, इसलिए यहां मॉक ड्रिल और सुरक्षा उपायों पर जोर दिया जाना चाहिए।”

हालांकि अब तक कहीं से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र एक संवेदनशील भूकंपीय जोन में आता है, इसलिए लोगों को सजग रहने और आपदा प्रबंधन उपायों की जानकारी रखने की आवश्यकता है।

भूकंप के झटकों के बाद लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि क्या राजधानी क्षेत्र में भूकंप से निपटने की तैयारी पर्याप्त है? नागरिकों और संस्थानों में समय-समय पर मॉक ड्रिल, जागरूकता अभियान और इमरजेंसी रिस्पॉन्स को बेहतर बनाना जरूरी है।

एनडीआरएफ और लोकल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम विभाग ने भी लोगों से घबराने की नहीं, सतर्क रहने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.