श्याम लाल कॉलेज में “भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा” पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के श्याम लाल कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा 1 और 2 मई, 2025 को “नव उभरते वैश्विक परिप्रेक्ष्य में भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा: उपलब्धियां, अवसर और आकांक्षाएं” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। यह सम्मेलन भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) के “राष्ट्रीय एकता” विषयांतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
सम्मेलन का पहला दिन इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। उद्घाटन सत्र में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संतीश्री धूलिपुडी पंडित ने मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन भाषण दिया। उन्होंने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के विविध पक्षों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से भारत की सभ्यतागत ज्ञान परंपरा का सम्मान करने और उसे गहराई से समझने की अपील की।
इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. के. जी. सुरेश ने अध्यक्षता करते हुए हाल ही में पहल्गाम में भारतीय पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले जैसे दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के संदर्भ में राष्ट्रीय नेतृत्व पर विश्वास बनाए रखने की बात कही। उन्होंने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और नागरिकों की सुरक्षा मामलों में भागीदारी पर बल दिया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रबी नारायण कर ने स्वागत भाषण दिया और सम्मेलन के उद्देश्य बताए। डॉ. सीताराम कुंभार, सम्मेलन निदेशक ने सम्मेलन की संकल्पना प्रस्तुत की, जबकि डॉ. निरंजन चिचुआन, संयोजक ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
मंच पर डॉ. भवानी दीक्षित, पूर्व प्रबंध संपादक वर्ल्ड फोकस जर्नल, प्रो. रेखा सक्सेना सहित कई प्रतिष्ठित विद्वान उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र के बाद तीन पूर्ण सत्र और दो तकनीकी सत्रों में डॉ. उत्तम कुमार सिन्हा, डॉ. स्मृति पटनायक (MP-IDSA), श्री के. एन. श्रीवास्तव, श्री पी. के. मिश्रा, प्रो. रेखा सक्सेना, डॉ. अमित रंजन (सिंगापुर) सहित अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने भारत की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिया और शोध पत्र प्रस्तुत किए।
सम्मेलन का दूसरा दिन श्याम लाल कॉलेज परिसर में आयोजित किया गया, जहां छह समानांतर तकनीकी सत्रों का आयोजन मल्टी-पर्पस हॉल, सेमिनार हॉल और बोर्ड रूम में हुआ।

अंतिम दिन का आकर्षण समापन सत्र था, जिसमें महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के पूर्व कुलपति एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में समापन भाषण दिया।
प्रो. मुनीम कुमार बाराई (रित्सुमेकन एशिया पैसिफिक यूनिवर्सिटी, जापान) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने वैश्विक परिप्रेक्ष्य से भारत की सुरक्षा स्थिति पर अपने विचार रखे।
सम्मेलन में 100 से अधिक शोध सार प्राप्त हुए, जिनमें से 60 चुनिंदा सार को प्रकाशित किया गया। सम्मेलन में करीब 200 छात्रों की भागीदारी रही, जिसने इसे एक जीवंत और सफल शैक्षणिक आयोजन बना दिया।
सम्मेलन की सफलता में डॉ. सीताराम कुंभार, डॉ. निरंजन चिचुआन, प्रो. कुशा तिवारी, प्रो. नीना शिरीष और राजनीति विज्ञान विभाग की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.