मुंबई। देश की जानी-मानी सुप्रीम कोर्ट वकील सना रईस खान NDTV के चर्चित कानूनी शो ‘रूल ऑफ लॉ विद सना रईस खान’ के जरिए आम जनता को कानून की बारीकियों से अवगत कराती आ रही हैं। अपने अनुभव, विशेषज्ञता और जनहित के प्रति समर्पण के साथ उन्होंने इस शो को बेहद सफल और शिक्षाप्रद बना दिया है। अब शो का अगला एपिसोड एक बेहद संवेदनशील और गंभीर विषय — कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले — पर केंद्रित होगा।
इस दिल दहला देने वाली घटना के कानूनी पहलुओं को दर्शाने के लिए सना रईस खान तैयार हैं। वह इस हमले के संदर्भ में UAPA (गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम) की व्याख्या करेंगी, जो देश में आतंकवाद से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण कानून है। सना का मानना है कि “जो कुछ भी पहलगाम में हुआ, वह बेहद दुखद और निराशाजनक है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और मैं प्रार्थना करती हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले।” उन्होंने आगे कहा कि“UAPA को लेकर लोगों में कई सवाल हैं। इस घटना के बाद इसे समझना और भी ज़रूरी हो गया है। मैं शो में इस कानून के हर पहलू को आसान भाषा में समझाऊंगी, ताकि हर नागरिक को इसके महत्व और प्रभाव का ज्ञान हो सके।”
NDTV पर प्रसारित होने वाला यह एपिसोड ना सिर्फ कानूनी दृष्टिकोण से शिक्षाप्रद होगा, बल्कि यह भी दिखाएगा कि देश का कानून आतंकवाद से लड़ने में कैसे काम करता है। ‘रूल ऑफ लॉ विद सना रईस खान’ का यह विशेष एपिसोड शनिवार, 26 अप्रैल 2025 को रात 8:27 बजे NDTV पर प्रसारित किया जाएगा।

