Telly Talks : Sony TV पर किट्टू गिडवानी का कमबैक

नई दिल्ली। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के आगामी शो, ‘हम रहें ना रहे हम’ ने अपने दिलचस्प ट्रेलर से दर्शकों का दिल जीत लिया है। स्वास्तिक प्रोडक्शंस के निर्माण में बने इस शो की कहानी दमयंती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक शाही घराने की मुखिया है और जीवन के शाही जीवन शैली बनाए रखने के लिए लड़ती है, लेकिन परिवर्तन तो अटल है, क्योंकि उसका पहला बेटा शिवेंद्र शहर की एक खुशमिजाज लड़की सुरीली से प्यार कर बैठता है।दमयंती का किरदार किट्टू गिडवानी निभाने जा रही हैं, जहां वो इस दमदार रोल के साथ भारतीय टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। बारोट परिवार की सख्त परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए दमयंती भी एक सख्त परंपरावादी बन जाती हैं, जो बदलाव की हवा को कभी अपने घर में नहीं आने देतीं। परिवर्तन के लिए उनका यह विरोध ही उनके बेटे शिवेंद्र (जय भानुशाली द्वारा अभिनीत) और उनकी प्रेमिका सुरीली (टीना दत्ता द्वारा अभिनीत) के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी। यह शो इन दो गौरवशाली और मजबूत इरादों वाली महिलाओं की कहानी को उजागर करेगा, जहां उन दोनों की अलग-अलग दुनिया का टकराव होता है।

यह प्रभावशाली किरदार निभाने को लेकर अपना उत्साह जाहिर करते हुए किट्टू गिडवानी कहती हैं, “दमयंती बारोट परिवार की विधवा मुखिया हैं, जो शाही वंश और उसकी जीवनशैली को सबसे ऊपर रखती हैं। वो बदलाव या ऐसी किसी भी चीज़ में विश्वास नहीं करतीं जो स्थापित मूल्यों और परंपराओं की मर्यादा के रास्ते में आए, जिसकी रक्षा के लिए उन्होंने बहुत संघर्ष किया है। दमयंती देवी एक बेहद मजबूत किरदार हैं और मुझे लगता है कि उनके अलग-अलग पहलुओं को सामने लाना बड़ा चैलेंजिंग होगा। बेहद प्रभावशाली होने के बावजूद, उनका व्यक्तित्व और आकर्षण ऐसा है जिसने मुझे दमयंती का किरदार निभाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.