मुंबई। बढ़ते कैंसर मामलों के बीच मुंबई के ज़्यनोवा शालब्य मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने मरीजों के लिए अपने अत्याधुनिक ऑन्कोलॉजी विभाग की शुरुआत की है। यह विभाग सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि जाँच, सटीक स्टेजिंग, आधुनिक थेरेपी और मानसिक सहयोग तक की संपूर्ण सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराता है।
विभाग का नेतृत्व सीनियर कंसल्टेंट हेड एंड नेक ऑन्को-सर्जन डॉ दीपक खन्ना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कैंसर का समय पर पता चलना ही सबसे बड़ी जीत है। हमारा प्रयास है कि जाँच से लेकर इलाज तक किसी भी चरण में देरी न हो। हर मरीज के लिए उसकी स्थिति के अनुसार व्यक्तिगत उपचार योजना बनाई जाती है।”
आज कैंसर केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि पूरे परिवार की परीक्षा बन जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए अस्पताल ने मेडिकल सुविधाओं के साथ पोषण सलाह और मानसिक सहयोग की व्यवस्था भी की है। डॉ. खन्ना ने आगे कहा, “हम मरीज को सिर्फ दवाइयाँ नहीं देते, बल्कि उसे हौसला भी देते हैं। सही जानकारी, सही समय और सही इलाज से जीवन बचाया जा सकता है।”
अस्पताल के सीओओ रेनी वर्गीसे ने कहा, “यह ऑन्कोलॉजी विभाग हमारी गुणवत्ता और भरोसेमंद चिकित्सा सेवाओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि हर मरीज को वैज्ञानिक, सुलभ और संवेदनशील इलाज मिले।” यह नई पहल कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए उम्मीद, विश्वास और समग्र देखभाल की नई राह खोलती है।

