मालेगांव विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा समेत सभी आरोपियों के बरी होने पर उमा भारती की भावुक प्रतिक्रिया, कांग्रेस नेताओं पर बोला हमला

भोपाल। 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में एनआईए कोर्ट द्वारा साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सहित सभी आरोपियों को बरी किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भावुक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, “मैं इतनी खुश हूं कि मेरे पास अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।”

उमा भारती ने कहा कि जब साध्वी प्रज्ञा नासिक जेल में बंद थीं, तो उन्हें एक पुलिस अधिकारी के माध्यम से पता चला कि उन्हें जेल में बुरी तरह से प्रताड़ित किया गया था। उमा भारती ने कहा, “मैं उनसे मिलने तब गई थी जब कोई और नेता उनसे मिलने नहीं जा रहा था। जब मैं उनसे मिली तो मैं रो पड़ी थी… जिस प्रकार से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, वह किसी भी महिला के लिए असहनीय था।”

उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर भी कड़ा हमला बोला और कहा, “मैं पूछना चाहती हूं कि पी. चिदंबरम, दिग्विजय सिंह, राहुल गांधी, वामपंथी, समाजवादी और कांग्रेस के उन सभी नेताओं के खिलाफ क्या कार्रवाई की जानी चाहिए, जिन्होंने ‘भगवा आतंकवाद’ जैसा शब्द गढ़ा और उसे फैलाया?”

उमा भारती ने जोर देते हुए कहा कि ऐसे नेताओं के खिलाफ असाधारण और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, जिन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए निर्दोष लोगों की छवि खराब करने की कोशिश की। उन्होंने इस फैसले को न्याय की जीत बताते हुए कहा कि यह सच्चाई की जीत है और भगवा पर लगे झूठे कलंक का अंत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.