पटना। राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने 5 सितंबर को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में होने वाली परिसीमन सुधार महारैली को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि यह रैली किसी राजनीतिक हंगामे के लिए नहीं, बल्कि जनता के सवालों और संवैधानिक सुधार को केंद्र में रखकर आयोजित की जा रही है।
कुशवाहा ने बताया कि 5 सितंबर की तारीख इसलिए भी खास है क्योंकि इस दिन जहां एक ओर शिक्षक दिवस मनाया जाता है, वहीं दूसरी ओर अमर शहीद जगदेव बाबू की शहादत को भी याद किया जाता है। इसी वजह से इस दिन को रैली के लिए चुना गया।
उन्होंने कहा, “इस रैली की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। हमें पूरा विश्वास है कि अब तक मिलर हाई स्कूल मैदान में जितनी भी रैलियां हुई हैं, यह रैली उनसे कहीं बड़ी होगी। हमारा उद्देश्य सिर्फ हंगामा करना नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों का समाधान खोजना है।”
विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कुशवाहा ने कहा कि वे केवल बोर्ड अधिकार यात्रा और अभियानों के नाम पर शोर मचाते रहते हैं, लेकिन जनता की असल समस्याओं का हल देने में असफल रहते हैं।
अब सबकी निगाहें 5 सितंबर पर टिकी हैं, जब यह महारैली पटना में कितनी भीड़ जुटा पाती है और इसका बिहार की राजनीति पर कितना असर होता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

