विश्व खाद्य भारत 2025: नई दिल्ली में होगा अंतर्राष्ट्रीय मेगा फूड इवेंट का भव्य आयोजन

नई दिल्ली। भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (MoFPI) द्वारा आयोजित ‘वर्ल्ड फूड इंडिया 2025’ का चौथा संस्करण 25 से 28 सितंबर 2025 तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय मेगा फूड इवेंट के लिए आज राजधानी के होटल द ललित में कर्टेन रेज़र कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने ‘वर्ल्ड फूड इंडिया 2025’ के प्रचार ब्रोशर, आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन का अनावरण किया।

“व्यापार मेला नहीं, परिवर्तन का मंच है वर्ल्ड फूड इंडिया”

अपने मुख्य भाषण में श्री चिराग पासवान ने कहा, “वर्ल्ड फूड इंडिया कोई साधारण व्यापार मेला नहीं, बल्कि एक परिवर्तनकारी मंच है। इसका उद्देश्य भारत को वैश्विक खाद्य नवाचार, निवेश और स्थिरता के केंद्र के रूप में स्थापित करना है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह आयोजन स्थायी, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार खाद्य प्रणालियों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। श्री पासवान ने सभी मंत्रालयों, उद्योगों और हितधारकों के योगदान के लिए आभार जताया।

वर्ल्ड फूड इंडिया 2025: अब तक का सबसे बड़ा संस्करण

श्री पासवान ने जानकारी दी कि इस बार का आयोजन अब तक का सबसे बड़ा होगा। इसमें: 90+ देशों की भागीदारी, 2,000+ प्रदर्शकों, खेत से थाली तक की संपूर्ण फूड वैल्यू चेन से जुड़े हज़ारों हितधारक शामिल होंगे।

मंत्रालय ने दी व्यापक प्रस्तुति

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सचिव श्री अविनाश जोशी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत दूध, बाजरा और दालों के प्रसंस्करण में अग्रणी है और इस आयोजन के माध्यम से वैश्विक सहयोग, नवाचार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

प्रमुख लॉन्च:

वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 ब्रोशर का विमोचन

आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप का शुभारंभ

प्रचार वीडियो का अनावरण

साझेदार और मिशन

इस मेगा इवेंट में राष्ट्रीय कार्यक्रम साझेदार के रूप में फिक्की (FICCI) और ज्ञान साझेदार के रूप में अर्न्स्ट एंड यंग एलएलपी सहयोग करेंगे। यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्यों और भारत@2047 के विज़न को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न केन्द्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, विदेशी दूतावासों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मंत्रालय को उम्मीद है कि सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन को वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय बनाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.