नई दिल्ली। सोनी सब का ‘आंगन अपनों का’ पल्लवी (आयुषी खुराना) की कहानी बताता है, जिसका शादी को लेकर अनोखा दृष्टिकोण है और वह शादी के बाद अपने मायके और ससुराल दोनों की सुरक्षा करना व उनके प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा करना चाहती है। हालिया एपिसोड्स में, पल्लवी के ससुराल में, कुसुम (सोनाली नाइक) और रवि (अंकित गुलाटी) को एहसास होता है कि पप्पी (अश्विन कौशल) ने उनका इस्तेमाल करके सुरेश (सागर सैनी) और सुभाष (विनायक भावे) से दुकान के कागज़ात पर हस्ताक्षर ले लिया है। आकाश (समर वरमानी) और पल्लवी को एहसास होता है कि घर का कोई व्यक्ति पप्पी से मिला हुआ है, जिस कारण से वे अवस्थी की दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा करते हैं, इस उम्मीद में कि असली अपराधी कैमरे में कैद हो गया होगा। पल्लवी चतुराई से घूंघट में खुद को छिपाते हुए यह दिखावा करती है कि आकाश उसे छेड़ रहा है, और बाउंसर्स का ध्यान भटकाने और दुकान में घुसने की कोशिश करती है। जबकि आकाश ध्यान भटकाने के लिए बाउंसर्स से झगड़ता है, वहीं पल्लवी चुपचाप दुकान में घुस जाती है। इस बीच, कुसुम और रवि भी दुकान में घुसने की योजना बनाते हैं, यह महसूस करते हुए कि सीसीटीवी फुटेज ही उनका एकमात्र सबूत है। कुसुम किसी टीवी धारावाहिक से प्रेरित होकर खुद को एक बोरी में छिपाती है, जो किसी के ध्यान में नहीं आने का सबसे अच्छा तरीका है। पल्लवी सफलतापूर्वक सीसीटीवी फुटेज को हासिल कर लेती है और उसे पता चलता है कि रवि पप्पी से मिला हुआ है, और उसने ही सुरेश से कागज़ात पर हस्ताक्षर करवाए हैं। इस अफरा-तफरी में, उसका सामना छिपी हुई कुसुम से होता है, लेकिन वह केवल उसके जूते से फीता खींचने में ही सफल हो पाती है। यह बात पता चलने पर, आकाश और पल्लवी को एहसास होता है कि उनके घर का कोई ही व्यक्ति रवि की मदद कर रहा है, और एक नई कार्य योजना बनाने की कोशिश करता है।
आकाश अवस्थी की भूमिका निभा रहे समर वरमानी ने कहा, “जब आकाश को पता चलता है कि उसके परिवार का सदस्य रवि पप्पी के साथ मिला हुआ है और उसने उसके पिता सुरेश को धोखा दिया है, तो वह गुस्से से उबल पड़ा। उसे यह बात जानकर भी निराशा होती है कि परिवार का एक और सदस्य इस योजना में रवि का समर्थन कर रहा है। वह पल्लवी के साथ इस बात पर विचार करने की कोशिश करता है कि वह व्यक्ति कौन हो सकता है, लेकिन वह इस बात से बहुत परेशान है कि उसके पिता को उनके अपनों के कारण ही इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। यह जानना दिलचस्प होगा कि आकाश और पल्लवी असली दोषियों को पकड़ने की योजना कैसे बनाते हैं।” पल्लवी शर्मा की भूमिका निभा रहीं आयुषी खुराना ने कहा, “पल्लवी अपने दोनों परिवारों की सुरक्षा करने के प्रति पूरी तरह से समर्पित है। जबकि आकाश यह बात पता चलने के कारण भावनात्मक रूप से टूट गया है, वह भावनाओं को अपने फैसले पर हावी नहीं होने देती है। इसके बजाय, वह सच जानने पर अपना सारा ध्यान लगाती है, और उस झूठ को उजागर करने के लिए दृढ़ संकल्पित है जिसने उनके परिवार को फंसाया है। आगामी एपिसोड्स में, दर्शक देख सकते हैं कि कैसे पल्लवी और आकाश साथ मिलकर इस समस्या का समाधान खोजने और अपने परिवार की सुरक्षा करने के लिए एक नई योजना बनाने की कोशिश करते हैं।”

