तमिलनाडु के 250 विद्यार्थियों ने किए काशी विश्वनाथ के दर्शन, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

वाराणसी। काशी तमिल संगमम् 5.0 में भाग लेने के लिए तमिलनाडु से आए 250 विद्यार्थियों के पहले दल ने शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बाबा के दर्शन कर विद्यार्थी उत्साह और श्रद्धा से भर उठे। उन्होंने ‘जय गंगा मैया’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारे लगाए। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्रा भी उपस्थित रहे।

मंदिर प्रशासन ने तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। उन पर पुष्पवर्षा की गई और ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने बाबा विश्वनाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न और वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

दर्शन के बाद विद्यार्थियों को काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान मंदिर के प्राचीन इतिहास, स्थापत्य कला, धार्मिक महत्त्व और इसके पुराने स्वरूप की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंदिर परिसर के हुए विकास और आधुनिक सुविधाओं से भी परिचित कराया गया।

भ्रमण के बाद मंदिर प्रशासन द्वारा संचालित अन्नक्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर पंडित के. वेंकट रमण गणपति ने बताया कि दक्षिण भारत से आने वाले अतिथियों को काशी के मंदिरों, यहां की सभ्यता और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। विद्यार्थियों को मंदिर का इतिहास, पुराना स्वरूप और कॉरिडोर के विकास की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि रविवार को विद्यार्थियों को हनुमान घाट के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। काशी की समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को जानने-समझने के प्रति विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published.