फ़्यूचर जनराली इंडिया इंश्योरेंस ने अपने सभी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की घोषणा की


नई दिल्ली। मौजूदा परिस्थितियों में आर्थिक संकट का सामना करने के बावजूद, खुदरा कारोबार की दिग्गज कंपनी, फ़्यूचर ग्रुप तथा वैश्विक बीमा कंपनी, जनराली के संयुक्त उपक्रम की सामान्य बीमा शाखा, फ़्यूचर जनराली इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (FGII) ने अपने सभी कर्मचारियों के लिए पदोन्नति, वेतन में सालाना होने वाली बढ़ोतरी तथा बेहतर परिणामों के लिए दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान की घोषणा की। कंपनी ने घोषणा की है कि, अभूतपूर्व संकट और अस्थिरता के इस दौर में कंपनी के किसी भी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा।

इसके अलावा, कंपनी ने कोविड-19 की जांच में पॉजिटिव पाए जाने वाले अपने प्रत्येक बिजनेस-एक्टिव एजेंट और उनके परिवारों को राहत के तौर पर 50,000 रुपये की तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने का भी प्रावधान किया है। पूरे भारत में 125 से अधिक शाखाओं के साथ, कंपनी ने नए कर्मचारियों की नियुक्ति के विषय पर कोई समझौता नहीं करने का फैसला लिया है तथा अपनी व्यावसायिक जरूरतों के नियुक्ति की योजना बनाई है। सिर्फ इस लॉकडाउन चरण के दौरान, FGII ने विभिन्न स्तरों पर 70 से अधिक कर्मचारियों की नियुक्ति की है, और उनसे संपर्क करने, इंटरव्यू लेने, भर्ती करने तथा काम-काज से परिचित कराने के लिए विभिन्न डिजिटल टूल का उपयोग किया है। कंपनी पिछले सालों की तरह इस साल भी नए कर्मचारियों की नियुक्ति जारी रखेगी।

लॉकडाउन अवधि के दौरान, FGII ने कर्मचारियों की भलाई के साथ-साथ उन्हें व्यस्त रखने के लिए कई पहलों की शुरुआत की है। कंपनी ने इस महामारी की वजह से होने वाली चिंता, तनाव या कामकाज एवं जीवन में संतुलन बनाए रखने जैसी समस्याओं से अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों को छुटकारा दिलाने के लिए एक गोपनीय परामर्श हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इसके साथ-साथ लाइव योग सेशन भी आरंभ किया गया है, जो योग के जरिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मददगार है। कंपनी ने कर्मचारियों को जोड़े रखने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया है, जिसमें टैलेंट शो और कर्मचारियों के लिए वर्चुअल ट्रेनिंग सेशन शामिल हैं, जिससे उन्हें घर से काम करते समय नई बातों को सीखने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर, फ़्यूचर जनराली इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के एमडी एवं सीईओ, श्री अनूप राउ ने कहा, “एक कंपनी के तौर पर हम लोगों को सबसे अधिक प्राथमिकता देते हैं। हमने सुनिश्चित किया कि CXOs से लेकर हाउसकीपिंग स्टाफ तक — सभी कर्मचारियों को सही समय पर बोनस मिले, उनके वेतन में बढ़ोतरी हो तथा उनके काम को उचित सम्मान प्राप्त हो। मेरा मानना है कि, कर्मचारी-केंद्रित हुए बगैर कोई भी कंपनी ग्राहक-केंद्रित नहीं बन सकती है; वे दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। आज के दौर में, हमारे कर्मचारियों और भागीदारों को अपने जीवन में निश्चितता और स्थिरता की पहले से कहीं अधिक जरूरत है। हम लंबी अवधि के लिए एक संगठन का निर्माण कर रहे हैं और हमारे पास अनिश्चित परिस्थितियों को संभालने का साधन मौजूद है। बुनियादी तौर पर हमारी कंपनी बेहद मजबूत है और हम बाज़ार की नई वास्तविकताओं का सामना करने की क्षमता रखते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published.