भारत आएंगी ब्रिटेन की 50 से ज्यादा यूनिवर्सिटी, ब्रिटिश काउंसिल तीन शहरों में लगाएगी स्टडी यूके एजुकेशन फेयर

 

नई दिल्ली: ब्रिटिश काउंसिल इसी महीने अपने स्टडी यूके एजुकेशन फेयर के जरिए ब्रिटेन की 50 से ज्यादा यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों को भारत ला रही है। ब्रिटिश काउंसिल सांस्कृतिक रिश्तों और शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाली ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय संस्था है। डिब्रूगढ़, नई दिल्ली और मुंबई में लगने वाले इन फेयर में अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट पढ़ाई की योजना बना रहे छात्र और उनके अभिभावक ब्रिटेन के उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधियों से आमने-सामने मिल सकेंगे और जान सकेंगे कि वहां पढ़ाई और करियर के कौन-कौन से रास्ते खुले हैं।

फेयर का सिलसिला 19 नवंबर को डिब्रूगढ़ से शुरू होगा। 21 नवंबर को नई दिल्ली में फेयर लगेगा और 23 नवंबर 2026 को मुंबई में इसका समापन होगा। यहां आने वाले लोग यूनिवर्सिटी प्रतिनिधियों से बात करके अपनी पसंद के विषय और करियर के लक्ष्य के हिसाब से कोर्स के बारे में पता कर सकेंगे। एडमिशन की शर्तों, ट्यूशन फीस और स्कॉलरशिप की जानकारी के साथ उन्हें यह सलाह भी मिलेगी कि आवेदन कैसे करें।

हिस्सा लेने वाले संस्थानों में यूनिवर्सिटी ऑफ बाथ, डरहम यूनिवर्सिटी, गोल्डस्मिथ्स (यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन), कोवेंट्री यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स, यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग, किंग्स कॉलेज लंदन, यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर, यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल और यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो समेत कई यूनिवर्सिटी शामिल हैं।

 

ब्रिटिश काउंसिल की डायरेक्टर एजुकेशन – इंडिया, रितिका चंदा पारुक एमबीई ने कहा, “ब्रिटेन में पढ़ाई का मतलब अंतरराष्ट्रीय मान्यता वाली डिग्री हासिल करने से कहीं ज्यादा है। वहां छात्रों को अपना नजरिया ग्लोबल बनाने और खुद सोचने व मुश्किलें सुलझाने की काबिलियत निखारने का मौका मिलता है। वे अलग-अलग संस्कृतियों और सोच को करीब से देख पाते हैं और ऐसे रिश्ते बना पाते हैं, जो आगे चलकर उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी को दिशा दे सकते हैं। ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी में सीखने का ऐसा माहौल मिलता है, जहां बेहतरीन पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव, रिसर्च के मौके और इंडस्ट्री से मजबूत जुड़ाव भी है। हम चाहते हैं कि स्टडी यूके एजुकेशन फेयर के जरिए छात्र और उनके परिवार इन मौकों के बारे में विस्तार से जानें, अपने सामने मौजूद विकल्प समझें और अपने करियर को लेकर सोच-समझकर फैसला लें।”

 

कार्यक्रम की जानकारी

डिब्रूगढ़:

  • कब: गुरुवार, 19 नवंबर 2026 | दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक (भारतीय समय)
  • कहां: पुष्करा सरोवर पोर्टिको, डिब्रूगढ़, असम

नई दिल्ली:

  • कब: शनिवार, 21 नवंबर 2026 | दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक (भारतीय समय)
  • कहां: ब्रिटिश काउंसिल, 17 कस्तूरबा गांधी मार्ग, नई दिल्ली

मुंबई:

  • कब: सोमवार, 23 नवंबर 2026 | दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक (भारतीय समय)
  • कहां: ताज प्रेसिडेंट मुंबई, आईएचसीएल सेलेक्‍शंस, 90 कफ परेड, कोलाबा, मुंबई

कोर्स और यूनिवर्सिटी चुनने के साथ-साथ छात्र और अभिभावक यह भी समझ सकेंगे कि ब्रिटेन में पढ़ाई से और क्या फायदे मिलते हैं। वहां की डिग्रियों को दुनिया भर में मान्यता मिलती है। छात्र अलग-अलग संस्कृतियों और विचारों से रूबरू होते हैं, उन्हें क्रिटिकल थिंकिंग और खुद सीखने की आदत निखारने के मौके मिलते हैं, और इंडस्ट्री व ग्लोबल प्रोफेशनल नेटवर्क से जुड़ने के रास्ते भी खुलते हैं। फेयर में रहने की व्यवस्था, कैंपस की जिंदगी और छात्रों के लिए उपलब्ध सपोर्ट सर्विसेज की जानकारी भी मिलेगी, जिससे ब्रिटेन में पढ़ाई और रहन-सहन की पूरी तस्वीर साफ हो सके

विदेश में पढ़ाई की तैयारी चाहे किसी भी स्तर पर हो, छात्रों और उनके परिवारों की मदद के लिए हर फेयर में एसओपी लिखने, स्कॉलरशिप और ब्रिटेन के वीजा पर अलग से सेशन भी होंगे।

फेयर में प्रवेश मुफ्त है, लेकिन पहले से रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। छात्र, अभिभावक और दूसरे इच्छुक लोग ब्रिटिश काउंसिल इंडिया की वेबसाइट पर अपना पसंदीदा शहर चुनकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.