नई दिल्ली। सीबीआई ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को अपने कार्यालय में तलब किया है। दिल्ली के कथित शराब घोटाले को लेकर पूछताछ होनी है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता सीधे तौर पर इसके लिए भाजपा को कोस रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मुद्दे को गुजरात विधानसभा चुनाव से जोड़ दिया है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसको लेकर ट्विट भी कर दिया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘8 दिसंबर को गुजरात के नतीजे आयेंगे। ये लोग तब तक मनीष को जेल में रखेंगे। ताकि मनीष गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए ना जा पायें।’
8 दिसंबर को गुजरात के नतीजे आयेंगे। ये लोग तब तक मनीष को जेल में रखेंगे। ताकि मनीष गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए ना जा पायें।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) October 17, 2022
इससे पहले रविवार को जब सिसोदिया को समन भेजा गया था तब भी आप नेताओं ने उनकी गिरफ्तारी की आशंका जताई थी। आज सीबीआई दफ्तर जाने से पहले खुद डिप्टी सीएम ने कहा था कि इनकी तैयारी मुझे गिरफ्तार करने की है। सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि बीजेपी आप की बढ़ती लोकप्रियता से डर गई है। इसलिए मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया जाएगा ताकि वो गुजरात के कार्यक्रम में ना जा सकें।
वहीं सिसोदिया ने भी सोमवार सुबह गिरफ्तारी की आशंका जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि गुजरात में बीजेपी हार रही है। पार्टी को हार का डर सता रहा है। यही वजह है कि मुझे सीबीआई ने पूछताछ के लिए बुलाया है।

