Telly Talks :’शार्क टैंक इंडिया’ से प्रेरित होकर अमिताभ बच्चन ने सोनी टीवी के ‘कौन बनेगा करोड़पति-14’ के ‘फिनाले वीक’ में शार्क्स को पेश किया अपना बिज़नेस आइडिया!


नई दिल्ली। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के ज्ञान-आधारित गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ – सीज़न 14 के ‘फिनाले वीक’ में बुधवार, 28 दिसंबर को दर्शकों को अमिताभ बच्चन के साथ शार्क टैंक इंडिया की झलक देखने को मिलेगी। सारे शार्क्स के एक शानदार गेमप्ले के साथ, दर्शक होस्ट और शार्क्स के बीच होने वाली कुछ बेहद दिलचस्प चर्चा का भी मजा लेंगे। इस दौरान दर्शकों को शार्क्स की ज़िंदगी की झलक भी देखने को मिलेगी, जहां श्री अमिताभ बच्चन के सामने उनका फैन मोमेंट भी आएगा।

होस्ट बिग बी और शार्क अमन गुप्ता इस बारे में बात करते नजर आएंगे कि शार्क टैंक इंडिया के बाद अमन की ज़िंदगी कैसे बदल गई। वो होस्ट की उत्सुकता बढ़ाते हुए बताएंगे कि कैसे हर तरह के लोग विचित्र जगहों पर अपने आइडियाज़ उनके सामने रखते हैं। इस बारे में अमन बताएंगे, “यहां तक कि जब मैं वॉशरूम में होता हूं, तो लोग मेरे पीछे पीछे आ जाते हैं और अपने बिज़नेस आइडियाज़ के बारे में बताना शुरू कर देते हैं।” अमन गुप्ता यह भी बताएंगे कि शो के फैंस से उन्हें कितना प्यार मिला और शार्क टैंक इंडिया ने उनकी और उनके ब्रांड की कितनी मदद की। इसके अलावा, अनुपम मित्तल होस्ट से बताएंगे कि कैसे उन्हें डिज़्नी लैंड में एक रोलर कोस्टर पर और यहां तक कि कार में सफर करते समय बड़े बेतरतीब ढंग से एक पिच की गई थी।

 

भारतीय टेलीविजन पर सबसे लंबे समय तक चलने वाले ज्ञान-आधारित गेम शो के इस सीज़न में एक आखिरी बार ट्यून इन करें! 26 दिसंबर से 30 दिसंबर तक, नए साल की जल्दी शुरुआत करते हुए देखिए ‘कौन बनेगा करोड़पति – सीज़न 14′ का ‘फिनाले वीक’, रात 9 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर।

 

अनुपम बताएंगे, “कुछ महीने पहले, मेरी पत्नी, बेटी और मैं पेरिस में डिज़्नी लैंड के दौरे पर थे। इस अम्यूज़मेंट पार्क में एक रोलर कोस्टर है, जिसमें 6 से 8 लोग बैठ सकते हैं। तो इसमें मेरी पत्नी, मेरी बेटी एलिसा और मैं, हम तीनों बैठे थे और फिर 3-4 और लोग हमारे साथ बैठे थे। वे समझ गए कि मैं शार्क टैंक इंडिया से हूं इसलिए उन्होंने मुझे ग्रीट किया और मैंने भी इसका जवाब दिया, लेकिन बाद में राइड शुरू होने से पहले ही उन्होंने मुझे अपने आइडियाज़ बताने शुरू कर दिए।”

पियूष बंसल भी अपनी पिच की घटनाओं के बारे में बताएंगे, “एक बार जब मैं कार में था, तब किसी ने मुझे हाथ हिलाया और मैंने भी वापस हाथ हिलाया। फिर आधे घंटे बाद जब मैं अपने घर के पास पहुंचा, तो मैं नीचे उतरा और मैंने देखा कि एक और कार मेरे पीछे रुकी और वो वही व्यक्ति था, जिसने मुझे हाथ हिलाया था।” नमिता थापर भी बताएंगी कि जब उनकी कार सिग्नल पर रुकती है, तो लोग उनकी ओर इशारा करके  कहते हैं, ‘वो देखो एक्सपर्टीज़ वाली’ क्योंकि इस आइकानिक डायलॉग वाला नामिता का मीम वायरल हो गया था। अमित जैन बताएंगे कि उन्हें जयपुर में ‘गोल गप्पे’ खाते समय पिच किया गया था।

हालांकि इन विचित्र घटनाओं के बीच, विनीता सिंह एक प्रेरक घटना शेयर करेंगी, “जब मैं अपने बच्चों के साथ पार्क में जाती हूं, तो लगभग 6-7 साल की नन्हीं लड़कियां मेरे पास आती हैं और कहती हैं ‘हम भी एक एंटरप्रेन्योर बनना चाहते हैं।’ जब मैं बड़ी हो रही थी, तो मेरे रोल मॉडल्स बहुत कम थे और आज ये यंग लड़कियां कह रही हैं कि वो एंटरप्रेन्योर बनना चाहती हैं। पहले एंटरप्रेन्योर्स को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन अब मैं देखती हूं कि इन छोटी लड़कियों की मांएं उनके सपनों का विरोध नहीं बल्कि उनका समर्थन कर रही हैं।” वो आगे कहती हैं, “बच्चे जो देखते हैं, उसी से प्रेरित होते हैं और उनके लिए इतनी सारी महिलाओं को शार्क टैंक में आते हुए देखना… पिछले सीज़न में 48% महिला पिचर्स थीं। मुझे लगता है कि अगले दो-तीन दशकों में युवा लड़कियां अलग होंगी और उन पर शार्क टैंक का बड़ा असर होगा।” इन यंग महत्वाकांक्षी एंटरप्रेन्योर्स के बारे में सुनकर होस्ट भी बेहद प्रभावित होंगे। होस्ट बताएंगे कि लड़कियों को हमेशा छोटी उम्र से ही घर के दायरे में बांध दिया जाता है और उन्हें रसोई की जिम्मेदारियां सीखने और शादी करने के बारे में बताया जाता है। ऐसे में विनीता से ऐसी यंग लड़कियों के बारे में सुनकर उन्हें बहुत अच्छा लगा, जो बिज़नेसवुमन बनना चाहती हैं।

इन सभी कहानियों और पिचेस से प्रेरित होकर बिग बी अपनी खुद की एक अनूठी पिच ‘एबी टिश्यूज़’ पेश करेंग। वो इस प्रोडक्ट को बड़े दिलचस्प अंदाज़ में प्रस्तुत करेंगे। वो एक पिचर के रूप में अपने हाथों में बहुमूल्य टिश्यू बॉक्स लिए शार्क टैंक इंडिया की थीम म्यूज़िक पर बड़े स्टाइल में एंट्री करेंगे। इस टिश्यू बॉक्स को पिच करते हुए, होस्ट बताएंगे कि कैसे वो और उसका टिश्यू बॉक्स हॉटसीट पर कई खुशी के आंसुओं को सेवा दे रहा है। शार्क्स बिग बी से उनके प्रोडक्ट के बारे में सवाल करेंगे और इससे प्रभावित होकर शार्क्स एबी टिश्यूज़ में ‘100 करोड़’ निवेश करने का फैसला करेंगे, क्योंकि यह एक बिकने वाला ब्रांड है, जहां श्री बच्चन इससे सीधे जुड़े हैं। यह देखकर दर्शकों के बीच भी खुशी की लहर दौड़ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.