नई दिल्ली। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन की नवीनतम पेशकश ‘कथा अनकही’ सुपरहिट तुर्की ड्रामा ‘1001 नाइट्स’ (बिनबीर गेस) का हिंदी रीमेक है। ये कहानी दर्शाती है कि कैसे मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों में भी प्यार के फूल खिल सकते हैं। यह शो एक ऐसे अमिट दाग के इर्दगिर्द घूमता है, जो कथा (अदिति देव शर्मा) और विआन (अदनान खान) के बीच दरार पैदा कर देता है, लेकिन फिर भी उन्हें एक दूसरे से बांधे रखता है। वर्तमान ट्रैक में, दर्शकों ने देखा है कि कैसे कथा, जो कि एक अकेली मां है, अपने बेटे आरव की सर्जरी के लिए एक हफ्ते में एक करोड़ रुपए जुटाने के लिए वक्त से जूझ रही है। अपने सभी विकल्पों को टटोल लेने के बाद, उसे महसूस होता है कि इतनी बड़ी राशि का इंतजाम करना कितना असंभव है। इसके लिए वो अपने ससुर कैलाश गरेवाल से भी मदद मांगती है, जिसकी भूमिका प्रसिद्ध अभिनेता गिरीश सहदेव ने निभाई है।
लगभग दो दशकों से इंडस्ट्री में रहने और विभिन्न फिल्मों एवं टेलीविजन शोज़ में काम करने के बाद, गिरीश सहदेव अब कथा के ससुर श्री कैलाश गरेवाल का ग्रे किरदार निभा रहे है। कैलाश एक अड़ियल पिता हैं, जो कथा के बारे में पूर्वाग्रह पाले बैठे हैं, इसलिए उन्होंने कभी कथा को अपनी बहू नहीं माना। उन्हें लगता है कि कथा ने अमीर बनने की लालच में उनके बेटे से शादी की थी, और यह जानने के बाद भी उनका गुस्सा बरकरार रहता है कि उनके पोते की ज़िंदगी दांव पर है।
देखिए ‘कथा अनकही’, हर सोमवार से शुक्रवार रात 8.30 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर!
शो में अपने किरदार और अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए एक्टर गिरीश सहदेव ने कहा, “मेरा किरदार कैलाश एक सख्त-मिजाज इंसान है, जिनका पैसा और सम्मान ही उनका गर्व है। यहां तक कि जब कथा उनके सामने गिड़गिड़ाती है, तब भी उनका दिल नहीं पसीजता, बल्कि वो उसे अपने बेटे के साथ मर जाने के लिए कह देते हैं। जब निर्माताओं ने मुझसे संपर्क किया, तो मैं रोमांचित हो गया कि ‘कथा अनकही’ जैसा एक शो, जो कि लोकप्रिय तुर्की ड्रामा ‘1001 नाइट्स’ का आधिकारिक रीमेक है, भारतीय टेलीविजन पर आ रहा है। शो का कॉन्सेप्ट बहुत दिलचस्प है, विशेष रूप से अपने बच्चे को बचाने के लिए एक मां का सफर अद्भुत है; यह आपके दिल में बहुत-सी भावनाएं जगा देता है। मुझे खुशी है कि सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन इस तरह के अनोखे कॉन्सेप्ट को सामने ला रहा है। मुझे यकीन है कि मुझे ‘कथा अनकही’ के जरिए अपनी कला का एक नया पहलू टटोलने का मौका मिलेगा। मुझे शो के साथ इस सफर का इंतजार है।”

