‘बड़े अच्छे लगते हैं 2’ के पहले सीज़न के लिए ऑडिशन देने वाले रणदीप आर राय बताते हैं, “मैं ज़िंदगी के रहस्यमयी चमत्कारों में विश्वास रखता हूं”

नई दिल्ली। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के बेहद पसंद किए जाने वाले शो ‘बड़े अच्छे लगते हैं 2’ ने हाल ही में 20 साल का लीप लिया है, जिसके बाद यह शो अपनी नाटकीय कहानी और यंग स्टार कास्ट के साथ दर्शकों को बेहद आकर्षित कर रहा है। इसकी कहानी नए ज़माने के रिश्तों में एकतरफा प्यार पर एक नया नज़रिया दिखा रही है, जिसमें समाज की ऊंच-नीच और खुद को अपनाए जाने के संघर्ष जैसे जाने-पहचाने मुद्दे शामिल हैं। जाने-माने टेलीविजन एक्टर रणदीप आर राय ने इस शो में एक शांत स्वभाव के भरोसेमंद किरदार राघव के शानदार चित्रण के साथ अपनी एक्टिंग कर लोहा मनवा लिया है। हालांकि इस रोल को हासिल करने का उनका सफर यकीनन आसान नहीं था। इस शो में लीड रोल निभा रहे रणदीप ने दरअसल इसके पहले सीज़न के लिए भी ऑडिशन दिया था, जिसमें राम कपूर और साक्षी तंवर ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं।

 

इस बारे में बताते हुए रणदीप कहते हैं, “मैं हमेशा से एक एक्टर बनना चाहता था और मैंने ‘बड़े अच्छे लगते हैं सीज़न 1’ के दौरान पीहू के प्रेमी के रोल के लिए ऑडिशन भी दिया था, लेकिन बदकिस्मती से यह कारगर नहीं हुआ। लेकिन मैं ज़िंदगी के रहस्यमयी चमत्कारों में विश्वास रखता हूं। और अब मुझे राम और प्रिया की एक बेटी के प्रेमी का रोल निभाने के लिए चुना गया है। यहां मेरी मेहनत रंग लाई और अब मैं इस शो के दूसरे सीज़न में लीड रोल निभा रहा हूं।”

 

अपने जज़्बात ज़ाहिर करते हुए रणदीप आगे कहते हैं, “मैं बेहद खुश और उत्साहित हूं कि 9 साल के बाद चीजें काम कर गईं और मैं इस लेजेंडरी शो का हिस्सा बना। राघव ऐसा किरदार है, जो परिस्थितियों से विचलित नहीं होता, लेकिन उसके अंदर खुद को और अपनी अहमियत साबित करने की ललक है और उसकी यही खूबी मुझे उससे जोड़ती है। मैं मानता हूं कि बड़े अच्छे लगते हैं की विरासत का हिस्सा बनना और राघव का रोल निभाना मेरी किस्मत में ही था।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.