नई दिल्ली। सोनी सब का आगामी रोमांस ड्रामा ‘ध्रुव तारा – समय सदी से परे’ दो अलग-अलग युगों के लोग, ध्रुव और तारा की ज़िंदगी पर आधारित है। यह शो एक ऐसी प्रेम कहानी को प्रस्तुत करता है जिसे टेलीविज़न पर पहले कभी नहीं देखा गया है। तारा (रिया शर्मा) 17वीं सदी की एक राजकुमारी है, वह समय की रफ़्तार से आगे की यात्रा करती है और वर्तमान समय में पहुँच जाती है, जहाँ उसकी मुलाक़ात ध्रुव (ईशान धवन) से होती है, जो पेशे से एक न्यूरोसर्जन है। ‘ध्रुव तारा’ के साथ सोनी सब ने सबसे अलग, क्वालिटी कंटेंट पेश करने का अपना सिलसिला जारी रखा है जो परिवार के सभी सदस्यों के मन को छूता है। इस चैनल की नवीनतम पेशकश, यह शो अपने नए अंदाज की किस्सागोई और विशिष्ट किरदारों के साथ दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार है।
“ध्रुव तारा” का कॉन्सेप्ट बहुत दिलचस्प है, जिसमें अतीत से एक लड़की टाइम पोर्टल के माध्यम से यात्रा करते हुए वर्तमान समय में पहुँच जाती है और वर्तमान में रहने वाले एक व्यक्ति से उसे प्यार हो जाता है। यह अद्भुत कहानी इस शो को दूसरों से अलग करती है, और मेरा मानना है कि इसमें एक अत्यंत सम्मोहक आकर्षण है। एक टीम के रूप में हमने यह सुनिश्चित करने के लिए अपना सबसे बेहतरीन प्रयास किया है कि दर्शक पूरी कहानी का भरपूर आनंद उठा सकें।
ध्रुव 2023 से है, जबकि तारा 17वीं सदी की है। दोनों के बीच रोमांस भरी प्रेम कहानी हकीकत से परे और इस दुनिया से बाहर की लगती है। आप इस प्रेम कहानी के सफल होने के बारे में कैसी सोच रखते हैं?
अलग दुनिया के होने के बावजूद, ध्रुव और तारा में एक सम्बन्ध है जो समय और परिस्थितियों से परे है। जहाँ ध्रुव 21वीं सदी में साधारण जीवन जीने वाला एक हाजिरजवाब और आकर्षक डॉक्टर है, वहीं तारा 17वीं सदी के वैभवशाली संसार के एक शाही परिवार से आती है। लेकिन अपनी ऐश-ओ-आराम की परवरिश के बावजूद, तारा सुंदर हृदय वाली जमीनी स्तर की लड़की है। हालाँकि, उनकी शुरुआती भिन्नताओं से उनके बीच प्रेम होने की संभावना प्रतीत नहीं होती, लेकिन एक-दूसरे के लिये उनके सच्चे अहसास साबित करते हैं कि जब मामला दिल का होता है, तब उम्र, समय, स्थान, और परिस्थितियाँ सब आखिकार बेमानी हो जाती हैं। सच्चे प्यार के लिए मुश्किलों के पार जाने और अपने विश्वास के लिए लड़ने, अपने पार्टनर के लिए खड़ा होने और उसकी फ़िक्र होने का उसे अहसास कराने की ज़रुरत होती है। इस कहानी में, तारा जब वर्तमान युग में आती है, ध्रुव उसे आधुनिक दुनिया के अनुकूल बनने में उसकी मदद करता है, लेकिन वह इसे कैसे करता है, इसे जानने के लिए आपको यह शो देखना होगा।
टाइम ट्रैवेल रोमांस टीवी शो के लिए एक अनोखा कॉन्सेप्ट है। आपको ध्रुव की भूमिका स्वीकार करने के लिए किस चीज से प्रेरणा मिली?
मैंने पहली बार जब स्क्रिप्ट पढ़ी, तो इस कहानी की विशिष्टता ने मुझे काफी प्रभावित किया। मैं दो अलग-अलग युगों के लोगों के बीच होने वाले प्यार को देखकर दंग था। टीवी शो की एक समान कॉन्सेप्ट की नीरसता के बीच यह ताजा हवा के समान था। मैंने ध्रुव के किरदार के साथ एक तत्काल जुड़ाव महसूस किया, और लगा कि मुझे पहले से पता था कि यह रोल करना है। उसे जिस प्रकार एक आकर्षक और जिंदादिल युवा आदमी के रूप में जीवन्तता से भरपूर पेश किया गया है, वह मुझे अच्छा लगता है, और मैं व्यक्तिगत स्तर पर उन गुणों से खुद को जोड़ कर देखता हूँ। मेरे लिए पूरा कास्ट और क्रू परिवार जैसे हो गए हैं, और हम प्रत्येक दृश्य की शूटिंग के समय जोश से भरे थे। मुझे पक्का यकीन है कि दर्शक इस शो को उतना ही प्यार करेंगे, जितना कि हम करते हैं और इस अनूठे कॉन्सेप्ट को जीवंत करने के लिए हमारी कोशिश की सराहना करेंगे।
शो के लिए काम करते हुए आपका अनुभव कैसा था? क्या किसी भी स्तर पर आपने ध्रुव के किरदार से जुड़ा हुआ महसूस किया या इसे पसंद किया?
मैं इस शो पर काम करते हुए अपने अनुभव का भरपूर आनंद उठा रहा हूँ। इस तरह का रोमांस भारतीय टेलीविज़न पर पहले कभी नहीं देखा गया है, और समय की यात्रा का एलिमेंट विशेष रूप से रोमांचक है। मैं इसकी बस कल्पना ही कर सकता हूँ कि रियल लाइफ में समय की यात्रा संभव होती, तो यह कितना रोमांचकारी होता। इंडस्ट्री के कुछ सबसे बेहतरीन कलाकारों के साथ काम करना मेरे कुछ विशिष्ट अनुभवों में से एक रहा है। सेट पर और सेट से बाहर, दोनों मामले में उनलोगों के साथ बातचीत करना और समय बिताना पूरी तरह अद्भुत रहा है।जहाँ तक मेरे किरदार ध्रुव की बात है, वह 21वीं सदी का एक सामान्य लड़का है जो एक परिश्रमी और कर्मठ डॉक्टर है और अपने परिवार से प्यार करता है। ध्रुव आकर्षक और जिंदादिल है, और ये ऐसे गुण हैं जिनसे मैं बेशक खुद को जोड़ सकता हूँ। मैं ध्रुव के किरदार में खुद का एक हिस्सा देखता हूँ, लेकिन टाइम ट्रैवेल रोमांस का हिस्सा बनना, मेरे लिए एकदम नया और रोमांचक अनुभव था।
आज के समय के प्यार और रिश्तों के बारे में आपकी कैसी सोच है और आप 17वीं सदी में जिस प्रकार का प्यार होता था, उससे किस रूप में इसे भिन्न पाते हैं?
निश्चित रूप से प्यार के आधुनिक और परम्परागत एक्सप्रेशंस में अंतर है, और रोमांस के प्रति हमारे ऐटिटूड में समय के साथ बदलाव आया है। अतीत में रिश्तों को उनकी शुद्धता, निश्छलता, और सहजता से पहचाना जाता था, और उस वक्त प्यार की भावना पर टेक्नोलॉजी का प्रभाव नहीं था। पुराने रिवाजों की भाव-भंगिमाएँ, जैसे कि प्रेम पत्रों का आदान-प्रदान करने, हाथ से बने उपहार देने, और ताजे फूल भेजने के माध्यम से सहेजी जाती थीं, लोग पूरे दिल से प्यार करते थे और उन्हें अपने प्यार का प्रचार करने की ज़रुरत महसूस नहीं थी। लेकिन, मौजूदा दौर में चीजें काफी बदल गई हैं। आजकल, लोग रिश्तों में दिल के बदले अपने दिमाग का इस्तेमाल करने पर ज्यादा फोकस करने लगे हैं। रोमांस में पहले जो निश्छलता हुआ करती थी, वह अब ख़त्म हो गई है, और लोग ज़िंदगी में साधारण चीजों का आनंद उठाने के लिए सफलता की कोशिश में हद से ज्यादा व्यस्त हो गए हैं। हमारे जीवन पर सोशल मीडिया का प्रभुत्व हो गया है और हमें लगता है की दुनिया के साथ हर चीज को शेयर किये बिना हम रह नहीं सकते। मेरा मानना है कि इससे प्यार का जादू कम हो गया है, संबंधों की पवित्रता पुराने जमानी की चीज लगती है, और पार्टनर्स या उनकी फीलिंग्स को अक्सर गैरज़रूरी मान लिया जाता है। भले ही कुछ अपवाद हो सकते हैं, लेकिन आजकल आम तौर पर ऐसा ही हो रहा है।
यश टोंक, कृष्णा भारद्वाज, और नारायणी शास्त्री सीनियर ऐक्टर्स हैं। उनके साथ काम करना कैसा था और आपने उनलोगों से क्या सीखा?
टीवी इंडस्ट्री में सीनियर कलाकारों के साथ काम करना एक अनूठा अनुभव हो सकता है। इन ऐक्टर्स के पास वर्षों का अनुभव, ज्ञान का भण्डार और मजबूत वर्क एथिक्स होता है, जिसे वे सामने जाहिर करते हैं। वे आपको अपना हुनर विकसित करने और करियर में आगे बढ़ने के लिए गाइडेंस और मेंटरशिप देने में हमेशा समर्थ होते हैं। हमारी अहमदाबाद शहर के विजिट के दौरान मुझे कृष्णा से मिलने का मौक़ा मिला और यह बहुत सुखद अनुभव था। हम दोनों अध्यात्म से जुड़े हैं, इसलिए उनके साथ जुड़ना बहुत अच्छा लगा। मैं निकट भविष्य में यश सर और नारायणी मैम के साथ काम करने को लेकर आशावान हूँ और मुझे पक्का यकीन है कि उनसे काफी कुछ सीखने को मिलेगा। मैं इससे ज्यादा कैसे शुक्रिया करूं कि मुझे इतने मंझे हुए कलाकारों के साथ काम करने का अनूठा अवसर मिला।

