मुंबई। अभिनेता रणदीप हुड्डा ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान एक ऐसा खुलासा किया, जिसने उनके चाहने वालों को चौंका दिया। रणदीप ने बताया कि उन्हें सुपरहिट फिल्म ‘रंग दे बसंती’ में भगत सिंह का रोल ऑफर हुआ था, लेकिन उन्होंने यह फिल्म करने से मना कर दिया। अब उन्हें अपने उस फैसले पर अफसोस है। रणदीप ने बताया कि उस वक्त फिल्म इंडस्ट्री में उनका ज्यादा कोई कनेक्शन नहीं था। केवल दो लोग उनसे जुड़े हुए थे — एक उनकी गर्लफ्रेंड और दूसरे फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा। दोनों ने ही उन्हें यह फिल्म न करने की सलाह दी थी। रणदीप ने कहा, “मेरी गर्लफ्रेंड ने कहा कि मुझे कोई छोटा रोल नहीं करना चाहिए। वहीं राम गोपाल वर्मा ने मुझसे कहा, ‘मैं तुझे अपनी फिल्म D में लीड रोल देने की सोच रहा हूं और तू आमिर के पीछे खड़ा होना चाहता है?’”
रणदीप ने स्वीकार किया कि उस समय उनमें थोड़ा घमंड आ गया था। उन्होंने कहा, “मेरी जाट बुद्धि में अकड़ आ गई और मैंने कह दिया कि मैं आमिर के पीछे खड़ा नहीं होऊंगा।” बाद में यह भूमिका अभिनेता सिद्धार्थ ने निभाई। इतना ही नहीं, रणदीप ने खुलासा किया कि उन्होंने फिल्म ‘रॉक ऑन’ को भी ऐसे ही कारणों से ठुकरा दिया था। उन्होंने हमेशा इंडस्ट्री के बाहर के फिल्ममेकर्स के साथ काम करना पसंद किया, जिससे उनका करियर ग्रोथ थोड़ा धीमा रहा। रणदीप ने कहा, “मैं सोचता था कि केवल अभिनय ही काफी है, लेकिन बाद में समझ आया कि इंडस्ट्री में कनेक्शन और सही मौके भी उतने ही जरूरी हैं।”
इस समय रणदीप हुड्डा अपनी नई फिल्म ‘जाट’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वे सनी देओल के साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं।

