‘सूबेदार’ में अनिल कपूर का दमदार और भावनात्मक अवतार

मुंबई ।  मेगास्टार अनिल कपूर एक बार फिर धमाकेदार अंदाज में वापसी कर रहे हैं अपनी आगामी ओटीटी सीरीज़ ‘सूबेदार’ के ज़रिए। जलसा फेम निर्देशक सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी यह एक्शन-ड्रामा सीरीज़ पहले से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा कर चुकी है। इस सीरीज़ में अनिल कपूर एक पूर्व फौजी अर्जुन सिंह की भूमिका निभा रहे हैं, जो जंग के मैदान से लौटने के बाद भी अपने भीतर चल रही लड़ाई से जूझ रहा है। कहानी भारत के बीहड़ों में रची-बसी है और एक ऐसे व्यक्ति की मानसिक स्थिति को दर्शाती है जो युद्ध की भयावह यादों, अपनी बेटी (जिसका किरदार राधिका मदान निभा रही हैं) से टूटे रिश्तों और समाज से गहराते मोहभंग के बीच फंसा है। ‘सूबेदार’ की शूटिंग अक्टूबर 2024 में शुरू हुई थी, और तभी से यह प्रोजेक्ट चर्चा में है। जब अनिल कपूर ने इस सीरीज़ से अपना लुक पहली बार सोशल मीडिया पर साझा किया, तो दर्शकों को उनका थका-हारा, गुस्से से भरा और बिल्कुल अलग अवतार देखने को मिला, जो देखते ही बनता था। यह किरदार शारीरिक और मानसिक दोनों स्तरों पर बेहद चुनौतीपूर्ण है, जिसमें गहराई, दर्द, एक्शन और खामोशी का अनोखा मेल है। अनिल कपूर जैसे अनुभवी अभिनेता ही इस तरह के गहन और बहुआयामी किरदार को स्क्रीन पर जीवंत बना सकते हैं।

अपनी ट्रेडमार्क तीव्रता और सधे हुए अभिनय के साथ अनिल कपूर इस सीरीज़ को एक ऐसा अनुभव बना देंगे, जो दर्शकों के साथ-साथ आलोचकों को भी प्रभावित करेगा। फैन्स बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं कि अर्जुन सिंह की यह भावनात्मक और साहसिक यात्रा किस मोड़ पर लेकर जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.