मुंबई। जानी-मानी अभिनेत्री और निर्देशक रेणुका शहाणे हाल ही में पॉडकास्ट ‘इनकॉन्ट्रोवर्शियल विथ पूजा चौधरी’ में शामिल हुईं, जहां उन्होंने अपने करियर की शुरुआत, निजी जिंदगी और भाषा को लेकर अपने विचार खुलकर साझा किए। शाहरुख खान के साथ सीरियल ‘सर्कस’ में काम करने को याद करते हुए उन्होंने कहा, “शाहरुख जैसे प्रोफेशनल हर किसी को बनने की कोशिश करनी चाहिए। वो सेट पर हर किसी से समान व्यवहार करते हैं।” अपने पति अभिनेता आशुतोष राणा से रिश्ते को लेकर उन्होंने बताया, “हमारी दोस्ती और प्यार फोन पर बात करते-करते गहरा हुआ। तब सिर्फ लैंडलाइन हुआ करता था। हमारी सोच अलग थी, लेकिन एक-दूसरे के साथ सुकून मिलता था।”
मराठी भाषा को लेकर उन्होंने कहा, “अगर आप किसी जगह लंबे समय तक रह रहे हैं, तो वहां की भाषा और संस्कृति का सम्मान करना चाहिए। ‘बोल मराठी’ सम्मान की बात है, लेकिन हिंसा इसका समाधान नहीं।”

