पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। यह मनोनयन पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनजर किया गया है।
राजद के प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने जानकारी दी कि पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व सांसद महबूब अली कैसर और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही वरिष्ठ नेता जनाब अब्दुल बारी सिद्दीकी को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और सुनील कुमार सिंह को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व विधायक भोला यादव सहित कुल 12 नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव और 10 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह संगठनात्मक फेरबदल आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिससे पार्टी की जमीनी पकड़ और कार्यकर्ताओं का मनोबल मजबूत किया जा सके।

